रसूलाबाद की बैंक में बिना मास्क लगाए मौजूद लोग।
- फोटो : AKBARPUR
कानपुर देहात। कोविड-19 वैक्सीनेशन को लेकर कलक्ट्रेट सभागार में डीएम ने स्वास्थ्य अफसरों के साथ बैठक की। उन्होंने 45 साल से अधिक उम्र के लोगों को टीकाकरण के लिए प्रचार प्रसार करने के निर्देश दिए। सीएमओ डॉ. राजेश कटियार ने बताया कि टीकाकरण के लिए जिले के सरकारी अस्पतालों में 60 व प्राइवेट अस्पताल में दो केंद्र बनाए गए हैं। डीएम ने ज्यादा से ज्यादा केंद्र बनाए जाने के निर्देश दिए।
कहा कि लोगों को टीका लगवाने में सहूलियत होगी। उन्होंने सरकारी अस्पतालों में 80 टीकाकरण केंद्र बनाए जाने के निर्देश दिए हैं। मुख्यालय, तहसील, ब्लाक, जिला अस्पताल सहित अन्य जगहों पर टीकाकरण को लेकर होल्डिंग लगाने के निर्देश दिए। डीएम ने ज्यादा से ज्यादा सैंपलिंग कराने के निर्देश दिए हैं। एडीएम वित्त एवं राजस्व साहब लाल, एडीएम प्रशासन पंकज वर्मा आदि मौजूद रहे।
न मास्क और न तय दूरी का ध्यान
रसूलाबाद। दो दिन बैंक शाखाएं बंद रहने के बाद शनिवार को खुलीं तो ग्राहकों की भीड़ लग गई। यहां पर लोगों ने न मास्क पहनना उचित समझा, न तय दूरी का ध्यान रखा। संक्रमण फैलने की लोगों ने आशंका जताई है।
शनिवार को रसूलाबाद में दो दिन बाद बैंक खुली तो काफी संख्या में लोग बैंक पहुंच गए। बढ़ते कोरोना संक्रमण के बीच लोगों कोविड नियमों का पालन करना उचित नहीं समझा। शाखा में ग्राहक सटे हुए लाइन लगाए रहे। बैंक अफसर भी अनदेखी करते रहे। शाखा प्रबंधक आरके कोहली का कहना है कि कोविड नियमों के पालन करने को लगातार जागरूक किया जाता है।
पीएचसी अधीक्षक नदारद मिले
कानपुर देहात। शनिवार को डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह ने सरवनखेड़ा पीएचसी का निरीक्षण किया। यहां पर टीकाकरण का मूल्यांकन भी किया। निरीक्षण के दौरान अधीक्षक डॉ. विशाल दिवाकर अनुपस्थित मिले। डीएम ने फोन से बात कर नाराजगी जताई। साथ ही तत्काल अस्पताल में पहुंचने के निर्देश दिए। डीएम ने निरीक्षण के दौरान मौजूद लोगों को कोरोना के प्रति जागरूक किया।