कानपुर देहात। शासन के निर्देश के बाद स्वास्थ्य विभाग कोरोना वैक्सीन की पहली डोज देने की तैयारी में जुट गया है। जिले में सबसे पहले 6419 स्वास्थ्य कर्मियों को कोरोना वैक्सीन की पहली डोज लगाई जाएगी। वैक्सीन रखने की व्यवस्था में विभाग तैयारी में लगा है। स्वास्थ्य कर्मियों का डाटा शासन को भेजा गया है।
जिले में स्वास्थ्य विभाग कोरोना से जंग जीतने की तैयारी में जुट गया है। कोरोना वैक्सीन जल्द ही जिले को भी उपलब्ध होने की सुगबुगाहट मिलने लगी है। कोरोना वैक्सीन की पहली डोज स्वास्थ्य कर्मियों को दी जाएगी। कोरोना कॉल में स्वास्थ्य कर्मियों ने अहम भूमिका निभाई है। सरकार तीन चरणों में टीकाकरण की तैयारी में है। पहले चरण में स्वास्थ्य कर्मियों, दूसरे में बुजुर्ग और तीसरे चरण में आम जनमानस को टीके का डोज देने की तैयारी है। विभागीय अफसरों का कहना है कि जिले में कोरोना टीकाकरण को लेकर तैयारियां की जा रही है। वैक्सीन को कोल्ड चेन स्टोर में मानक के अनुसार तापमान में रखा जाएगा। पहले चरण के टीकाकरण के लिए 6419 स्वास्थ्य कर्मियों की सूची शासन को भेज दी गई है। जिसमें सरकारी अस्पताल व प्राइवेट अस्पताल के स्वास्थ्य कर्मी शामिल हैं।
डिप्टी एमके जतारया ने बताया कि कोरोना से जंग जीतने के लिए लगातार तैयारी की जा रही है। 6419 स्वास्थ्य कर्मियों की सूची ऑनलाइन भेजी जा चुकी है। सबसे पहले स्वास्थ्य कर्मियों को वैक्सीन दी जाएगी।