सिकंदरा के क्वारंटीन सेंटर से कोरोना संक्रमित बच्चे को कोविड़ अस्पताल भिजवाते एसडीएम।
- फोटो : AKBARPUR
कानपुर देहात। गुरुवार देर रात आई रिपोर्ट में दिल्ली से लौटा कुरियनपुरवा गजनेर प्रवासी मजदूर और फरीदाबाद से परिवार संग आई सिकंदरा के कौरु जलालपुर निवासी 11 वर्षीय बच्ची कोरोना संक्रमित निकली है। दोनों को गजनेर कोविड अस्पताल भेजा गया है। अब इनके संपर्क में आए लोगों को चिह्नित किया जा रहा है।
गजनेर के कुरियनपुरवा निवासी एक युवक दिल्ली की प्लास्टिक पाइप बनाने वाली फैक्टरी में मजदूरी करता था। वह 15 जून को गांव लौटा था। रनियां अस्पताल में 16 जून को सैंपल लेकर उसे अकबरपुर के पतारी स्थिति पॉलीटेक्निक क्वारंटीन सेंटर भेजा गया था। कोरोना पॉजिटिव आया प्रवासी मजदूर एक रात गांव में रुका था। अब उसके संपर्क में आए परिवार के छह लोगों को चिह्नित कर अकबरपुर के पॉलीटेक्निक क्वारंटीन सेंटर भेजा गया है। एसडीएम सदर आनंद कुमार की मौजूदगी में कुरियनपुरवा में तीस मीटर दायरे में मोहल्ला सील करने के साथ सैनिटाइजेशन कराया गया। बैरीकेडिंग पर पुलिस बल तैनात किया गया है।
वहीं, फरीदाबाद से 14 जून को कौरु जलालपुर निवासी पांच सदस्यीय परिवार लौटा था। परिवार का मुखिया एक फैक्टरी में काम करता था। पूरे परिवार को सिकंदरा क्वारंटीन सेंटर में रखा गया। 16 जून को सैंपल लिया गया था। रिपोर्ट में 11 वर्षीय बच्ची कोरोना संक्रमित पाई गई है। उसके परिजनों को रैन बसेरा क्वारंटीन सेंटर में शिफ्ट किया गया है। जिला संक्रामक रोग प्रभारी डॉ. यतेंद्र शर्मा ने बताया कि दोनों कोरोना संक्रमितों को गजनेर कोविड अस्पताल भेजा गया है।