कानपुर देहात। लखनऊ केजीएमयू व कानपुर मेडिकल कालेज मेें कोरोना के अधिक सैंपल का लोड होने के कारण सोमवार रात जिले से 66 कोरोना संदिग्धों के सैंपल झांसी मेडिकल कालेज जांच को भेजे गए। जिला संक्रामक रोग विशेषज्ञ डॉ. यतेंद्र शर्मा ने बताया कि अभी तक जिले में 1253 कोरोना संदिग्धों के सैंपल जांच के लिए भेजे जा चुके हैं। इनमें से सात प्रवासी मजदूरों में कोरोना की पुष्टि हुई थी। एक की मौत सैनिटाइजर पीने से हो चुकी है और एक ठीक हुआ है। 1038 की रिपोर्ट निगेटिव आई है।
संक्रमित के परिजनों की रिपोर्ट निगेटिव
गुजरात के अहमदबाद से एक मजदूर 11 मई को अपनी पत्नी, बेटी व बेटा के साथ में शिवली में आया था। बीएल पैलेस क्वारंटीन सेंटर में उसे परिवार समेत क्वारंटीन किया गया था। 15 मई को आई रिपोर्ट में उसके कोरोना संक्रमित होने की पुष्टि हुई थी। इसके बाद मजदूर को इटावा के जसवंत नगर कोविड अस्पताल भेजा गया था। पत्नी, बेटा व बेटी का सैंपल जांच को भेजा गया था। मैथा एसडीएम राम शिरोमणि ने बताया कि कोरोना पाजिटिव युवक की पत्नी, बेटे व बेटी की रिपोर्ट निगेटिव आई है।