कानपुर देहात। नोएडा से आए कोरोना संदिग्ध की हालत बिगड़ने पर शनिवार को उसे कानपुर के आईडीएच अस्पताल में रेफर किया गया है। जिला अस्पताल में सैंपल लेकर परीक्षण के लिए भेजा गया है।
सिकंदरा क्षेत्र के एक गांव निवासी 32 वर्षीय युवक नोएडा मेें रहकर बिजली उपकरण की मरम्मत का काम करता है। लॉकडाउन होने पर वह शुक्रवार को किसी तरह घर पहुंचा था। जुकाम और बुखार होने की समस्या पर उसे जिला अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया गया था। शनिवार को उसकी हालत बिगड़ गई। डॉ. अवधेश कटियार ने बताया कि युवक में कोरोना जैसे लक्षण मिले हैं। चिकनपॉक्स की भी पुष्टि हुई है। संदिग्ध होने पर उसे कानपुर के आईडीएच अस्पताल में रेफर किया गया है।
आइसोलेशन में भर्ती अन्य 15 संदिग्धों की हालत में सुधार है। क्वारंटीन अवधि पूरी होने के बाद उन्हें डिस्चार्ज किया जाएगा। सीमा सील होने के बावजूद नोएडा से जिले में युवक के आने के सवाल पर एसडीएम रमेश चंद्र यादव ने कहा कि हाईवे पर सीमा सील की गई है। कुछ लोग हाईवे छोड़कर अन्य रास्तों से जिले में प्रवेश कर जाते हैं। हर जगह फोर्स नहीं लगाया जा सकता है।
192 कोरोना संदिग्धों की रिपोर्ट निगेटिव
संक्रामक रोग विशेषज्ञ डॉ. यतेंद्र शर्मा ने बताया कि जिले से अब तक 281 कोरोना संदिग्धों के सैंपल जांच के लिए भेजे जा चुके हैं। इनमे से 192 की रिपोर्ट निगेटिव आई है। 89 की रिपोर्ट अभी आना बाकी है। जिले में अभी तक एक भी कोरोना पॉजिटिव केस नहीं मिला है।