उत्तर प्रदेश के कानपुर में एक बार फिर कोरोना संक्रमण तेजी सेे फैल रहा है। शहर में हर रोज नए संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़ रही है। कानपुर में गुरुवार को कोरोना के 19 नए संक्रमित और मिले हैं। जिला कारागार और आईआईटी में संक्रमितों का मिलना जारी है।
इसके अलावा नए संक्रमित गीतानगर, बर्रा, बिरहाना रोड, विकास नगर, किदवईनगर, स्वर्ण जयंती विहार, दबौली, मछरिया, बिठूर आदि क्षेत्रों के हैं। एक्टिव केस 199 हो गई है। वहीं 15 रोगियों ने कोरोना से जंग जीत ली। 13 रोगी अस्पतालों और दो होम आइसोलेशन में संक्रमण मुक्त हो गए। शहर में कोरोना संक्रमण का फैलाव बढ़ता जा रहा है।
प्रतिदिन अलग-अलग मोहल्लों में संक्रमित मिल रहे हैं। अब तक कुल संक्रमितों की संख्या 33305 हो गई है। इनमें 32263 ठीक हो गए हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने 5365 कोरोना संदिग्ध लोगों के सैंपल लिए हैं। इनमें 241 सैंपल विशेष सर्विलांस अभियान और 5124 रुटीन में लिए गए हैं।