कोरोना के कहर के बीच यूपी में आए 3000 लोगों की सूची लखनऊ आ गई है। इनमें कानपुर के सैकड़ों लोगों के शामिल होने का अनुमान है। शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग इसमें शामिल स्थानीय लोगों के नाम, पते, मोबाइल नंबर आदि ब्यौरा आने का इंतजार करता रहा। सूची आते ही टीम इनका स्वास्थ्य परीक्षण करने के साथ ही निगरानी शुरू करेगी।
अब तक कोरोना की आशंका में जिन छह मरीजों की जांच कराई गई थी, उन सभी की रिपोर्ट निगेटिव आई है। उधर, शासन ने विदेशों खासकर कोरोना प्रभावित देशों से आए लोगों के स्वास्थ्य की नियमित रिपोर्ट तलब की है।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, विदेशों से इससे पहले शहर में आए 213 लोगों की निगरानी की जा रही है। इनमें से 115 लोगों की निगरानी अवधि खत्म हो चुकी है। फिर भी स्वास्थ्य विभाग इन्हें वाच कर रहा है।
शासन को इनके संबंध में नियमित रिपोर्ट भेजी जा रही है। उधर, केंद्र ने प्रदेश सरकार को 3000 और लोगों की सूची भेजी है, जो विदेशों से हाल ही में आए हैं। शनिवार को इनमें से स्थानीय जिले के लोगों की सूची सीएमओ कार्यालय आने की संभावना है। सूची आते ही इनकी भी निगरानी शुरू करने की तैयारी है।