कई व्यापारी संगठन भी लामबंद
कन्वेंशन सेंटर के नामकरण का मामला पिछले कई दिनों से सोशल मीडिया पर भी गर्म है। इसे लेकर व्यापारियों, स्थानीय लोगों की ओर से तरह-तरह की चर्चाएं की जा रही हैं। इस बीच यह भी पता चला है कि भाजपा पार्षद नवीन पंडित के साथ कुछ और समर्थकों ने महापौर को एक पत्र दिया है। इसमें उन्होंने सेंट्रल स्टेशन का नाम श्याम बिहारी मिश्र के नाम पर रखने की मांग की है। इस बीच कई व्यापारी संगठन भी इस प्रकरण को लेकर लामबंद हो रहे हैं।
सांसद को सौंपेंगे मांग पत्र का बंडल
कन्वेंशन सेंटर का नाम पूर्व सांसद श्याम बिहारी मिश्र के नाम पर रखे जाने की मांग पर उप्र उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष मुकुंद मिश्रा के नेतृत्व में कारोबारियों का एक प्रतिनिधिमंडल सांसद से मिलेगा। इस दौरान शहर की 125 मार्केट एसोसिएशन की ओर से पूर्व सांसद के पक्ष में नामकरण के मांग पत्र का बंडल सांसद को दिया जाएगा।
पंडित श्याम बिहारी मिश्र कानपुर के लोगों में रचे-बसे हैं। कन्वेंशन सेंटर को उनके नाम पर करके उनकी याद को संजोया जा सकता है। यह शहरवासियों के लिए भी गौरव की बात होगी। सुषमा स्वराज देश की नेता रही हैं। हम सभी उनका सम्मान करते हैं। उनके नाम पर कई स्थानों पर पहले से स्मारक स्थल हैं। -अरुण पाठक एमएलसी
कानपुर के व्यापारियों के रग-रग में पंडित श्याम बिहारी बसे हैं। यदि कन्वेंशन सेंटर का नाम उनके नाम पर रखा जाता है तो यह उनका तो सम्मान होगा ही सभी व्यापारियों का भी सम्मान बढ़ेगा। -शेष नारायण त्रिवेदी पप्पू नौघड़ा कपड़ा कमेटी अध्यक्ष