कानपुर देहात। जिला कारागार माती में निरीक्षण को पहुंचे डीजी / आईजी जेल एसएन साबत ने मुलाकातियों की सुविधा को लेकर जेल के बाहर डिजिटल डिस्प्ले बोर्ड लगाने के निर्देश दिए। बंदियों से जेल की अंदर की व्यवस्थाओं की जानकारी ली। साफ सफाई व स्वास्थ्य सुविधा जांचने के साथ मिली खामियों पर सुधार के निर्देश दिए।
माती जेल में डीजी जेल ने जेल अधिकारियों के साथ कारागार के बाहर स्थित प्रतीक्षालय भवन की साफ-सफाई, पंखों एवं शौचालय आदि को देखा। जेल अधीक्षक को निर्देश दिए कि प्रतीक्षालय भवन के बाहर डिजिटल डिस्पले बोर्ड लगाए जाएं। जिससे मुलाकात करने के लिए आने वाले लोगों को बंदियों से मिलने के बारे में जानकारी हो सके उन्हें समस्या न हो। बोर्ड पर जिन बंदियों की मुलाकात होनी होगी उनके नाम व क्रम संख्या दिखेगी। इसके बाद कंट्रोल रूम, महिला बैरक का निरीक्षण किया। यहां पर महिला बंदियों के साथ निरुद्ध 10 बच्चों को फल व उपहार भेंट किए। साथ ही महिला बंदियों द्वारा कौशल विकास मिशन के तहत निर्मित किए गए बैग, ब्लैंकेट कवर , सेविंग किट आदि देख सराहना की। कहा कि इन सामानों को कारागार के बाहर मेला प्रदर्शनी लगाने के साथ स्थानीय बाजार में विक्रय के लिए भेजा जाए। बंदियों से दिए जा रहे भोजन, स्वास्थ्य सुविधा के बारे में जानकारी ली। किशोर बंदियों को कौशल विकास के तहत हुनरमंद बनाने व उन्हें शिक्षित करने के निर्देश दिए। इस दौरान कुछ बंदियों ने मुकदमों से अपनी समस्याएं रखी। जिसके निस्तारण पर जोर दिया। इस दौरान जेल अधीक्षक धीरज कुमार, प्रभारी जेलर विजय लक्ष्मी, डिप्टी जेलर राजेश कुमार, रामदास यादव, इजहार अहमद, डॉ. कुलदीप कुमार तोमर आदि रहे।