कानपुर। कृष्णानगर ब्लॉक-11 में पानी की टंकी का ढांचा गिरने के मामले में जलकल सचिव ईश्वर सिंह ने ठेकेदार प्रदीप कुमार तिवारी को ब्लैकलिस्ट कर दिया है। साथ ही शहर में सबमर्सिबल पंपों के लिए बनाए गए टंकी के ढांचों की जांच के आदेश दिए गए हैं। वार्ड-24 के कृष्णानगर ब्लॉक-11 में पार्षद कोटे से 12 अगस्त को खाली प्लॉट में करीब डेढ़ लाख रुपये से सबमर्सिबल पंप लगाया गया था। इसके साथ दो हजार लीटर की प्लास्टिक टंकी रखकर पानी की आपूर्ति शुरू करा दी गई थी। चार दिन बाद रविवार सुबह करीब 10 बजे बारिश के दौरान कमजोर ढांचा टंकी समेत गिर गया। हादसे में पास खड़ा एक ठेला भी क्षतिग्रस्त हो गया था। जलकल सचिव ने घटिया निर्माण को गंभीरता से लेते हुए ठेकेदार को काली सूची में डाल दिया। जलकल महाप्रबंधक आनंद कुमार त्रिपाठी ने बताया कि शहर में बने सभी ऐसे ढांचों की जांच कराई जाएगी। मानकों के विपरीत निर्माण मिलने पर संबंधित ठेकेदार के साथ अभियंताओं पर भी कार्रवाई होगी। (संवाद)