पुखरायां। भोगनीपुर कोतवाली क्षेत्र के अल्लापुर रोड पर 33 हजार केवीए लाइन ठीक करने में एक संविदा लाइनमैन की मौत हो गई। हादसे की जानकारी पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को जानकारी दी। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
फतेहपुर जिले के थाना जफरगंज के बारा गाजईपुर निवासी रोहित सिंह (34) सट्टी उपकेंद्र में संविदा पर लाइनमैन के पद पर कार्यरत था। गुरुवार दोपहर भोगनीपुर क्षेत्र के अल्लापुर रोड पर 33 हजार अमराहट लाइन जाने वाले पोल फाल्ट होने की जानकारी पर पहुंचा। यहां आने पर उसने तीन बजे के करीब उपकेंद्र से शटडाउन लिया और पोल पर चढ़कर काम करने लगा। इसी दौरान अचानक से वापसी लाइन आ जाने के कारण झुलस कर पोल से नीचे गिर गया। मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस को जानकारी देकर उसे सीएचसी पुखरायां पहुंचाया। यहां लाने पर डॉ. अनूप कुमार सचान ने उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल से पुलिस को जानकारी दी गई। घटना की जानकारी पर पहुंचे चौकी इंचार्ज अनुज अवस्थी ने शव परिजनों को सूचना देकर शव मोर्चरी में पहुंचाया। सट्टी विद्युत उपकेंद्र के अवर अभियंता अरविंद यादव ने बताया कि हादसे कारणों का पता लगाया जा रहा है।