डेरापुर। कानपुर-औरैया राष्ट्रीय राजमार्ग पर कांधी हराना पुल के पास बुधवार सुबह एक अनियंत्रित कंटेनर डिवाइडर तोड़ते हुए सड़क किनारे स्थित चाय की गुमटी में जा घुसा। हादसे में चाय पी रहे एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।
डेरापुर थाना क्षेत्र के कांधी हराना पुल नहर के पास सुबह करीब 7:45 बजे के करीब कांधी निवासी फैयाज खान (35) और राधाकृष्ण तिवारी (55) हाईवे किनारे स्थित एक गुमटी पर चाय पी रहे थे। इसी दौरान कानपुर से औरैया की ओर जा रहा तेज रफ्तार कंटेनर अनियंत्रित होकर डिवाइडर तोड़ते हुए गुमटी को रौंदते हुए सीधे खेत में जा घुसा। कंटेनर की चपेट में आने से चाय पी रहे दोनों व्यक्ति गंभीर घायल हो गए। पास मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई। कंटेनर आगे जाकर खेत में रुका। मौके पर मौजूद लोग गंभीर रूप से घायल फैयाज और राधाकृष्ण को अस्पताल ले गए। जहां डॉक्टर ने फैयाज को मृत घोषित कर दिया। राधाकृष्ण का मेडिकल कॉलेज अकबरपुर में इलाज चल रहा।
फैयाज की हादसे में जान चले जाने की जानकारी पर वृद्ध मां अनीशा बेगम, पत्नी चांदनी, बेटे फिरोज, असलम और बेटियां निशा व शबनम बिलखती रहीं। पत्नी चांदनी ने पुलिस को बताया कि पति पंचर की दुकान किए थे। इसी से परिवार का भरण पोषण कर रहे थे। थानाध्यक्ष धीरेंद्र सिंह ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त कंटेनर को कब्जे में ले लिया है। हादसे के बाद चालक मौके से भाग निकला है। जिसकी तलाश की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट व तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।