बिधूना (औरैया)। तेज रफ्तार कंटेनर ने सवारियों से भरे ऑटो में पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में ऑटो सवार सात सवारियां गंभीर रूप से घायल हो गईं। पुलिस ने घायलों को तिर्वा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया है।
शनिवार दोपहर करीब 12 बजे तिर्वा से सवारियां भरकर एक ऑटो बेला आ रहा था। तिर्वा मार्ग पर मिश्रा बिल्डिंग मैटीरियल की दुकान के सामने पीछे से तेज गति से आए एक कंटेनर ने ऑटो में टक्कर मार दी। इससे ऑटो में बैठीं नगरिया तिर्वा निवासी लक्ष्मी देवी (35) पत्नी धनीराम, तिर्वा निवासी सारिका (30), रसूलाबाद असालतगंज निवासी सोनू (28) घायल हो गए।
इनके अलावा जसपुरापुर निवासी देवकी (35), तिर्वा धन्ना पुर्वा निवासी अवनीश (18) पुत्र संजू, मधू (14) पुत्री कालीचरण व मनोरमा (55) पत्नी मोहनलाल गंभीर रूप से घायल हो गईं। ऑटो व कंटेनर चालक मौके से भाग निकले। सूचना पर घायलों को पुलिस ने एंबुलेंस से अस्पताल में भर्ती कराया है। बेला थानाध्यक्ष गंगादास गौतम ने बताया कि घायलों को तिर्वा अस्पताल भेजा गया है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।