कानपुर। कांशीराम संयुक्त चिकित्सालय में अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस 52 बेड के आईसीयू (इंटेंसिव केयर यूनिट) भवन के निर्माण के लिए बजट जारी हो गया है। इसके साथ निर्माण कार्य भी शुरू हो चुका है। परियोजना अगले डेढ़ साल में पूरी होगी। वर्तमान में अस्पताल में रोजाना बड़ी संख्या में गंभीर दुर्घटना और आपातकालीन मरीज आते हैं। ट्रामा और गंभीर मामलों की अधिकता के कारण हर सप्ताह औसतन बीस गंभीर रोगियों को उच्च चिकित्सा संस्थानों के लिए रेफर करना पड़ता है।
मरीजों और उनके तीमारदारों की इस बड़ी समस्या को देखते हुए अस्पताल में आईसीयू की स्थापना की मांग लंबे समय से की जा रही थी। नया आईसीयू भवन बनने से स्थानीय स्तर पर ही मरीजों की जान बचाने में मदद मिलेगी। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक पियूष मिश्रा ने बताया कि आईसीयू भवन के लिए अभी नींव भरने का काम चल रहा है। तय समयसीमा में कार्य को पूरा कर लिया जाएगा।