चकेरी के सनिगवां का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो में एक सिपाही घर के बाहर आग ताप रही महिलाओं को अंदर जाने की हिदायत देता दिख रहा है। फरमान का विरोध करने पर उसने महिलाओं का नक्शा बिगाड़ने की धमकी दी। वीडियो वायरल होने पर महकमे की फजीहत हो रही हैं।
सनिगवां निवासी चांदनी सोनकर, आशिय, किरन, अनीता सोमवार रात सर्दी से बचने के लिए घर के बाहर आग ताप रही थीं। इस दौरान सनिगवां चौकी का सिपाही अरुण एक साथी पुलिस कर्मी के साथ पहुंचा और पूछताछ करने लगा। बोला कि घर के बाहर न निकलो। आग ताप रही महिलाओं ने विरोध किया, तो वह भड़क कर अभद्रता करने लगा। आरोपी सिपाही ने अफसरों से शिकायत की बात करने पर नक्शा बिगाड़ देने और रिपोर्ट दर्ज कर जेल भेजने की धमकी दी। साथ भी सभी के नाम लिखकर ले गया। पीड़ित महिलाओं ने मामले की शिकायत चौकी और थाने में की। एसीपी चकेरी दिलीप कुमार सिंह का कहना है कि मामला संज्ञान में नहीं है। इसकी शिकायत मिलने पर जांच कर कार्रवाई होगी।