यूपी के महोबा जिले में स्टेट चरखारी की पुश्तैनी संपत्ति बेचे जाने को लेकर राजघराने में आपस में दरार पैदा हो गई है। गुरुवार की शाम को राज परिवार के दो सगे भाइयों के बीच लड़ाई-झगड़े तक की नौबत आ गई। बाद में पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों का सुलाहनामा कराकर मामला शांत कराया लेकिन दोनों भाइयों में अब खटास पैदा हो गई है। महारानी ने दोनों बेटों के अलग-अलग निवास भी कर दिए हैं।
चरखारी स्टेट के राजा जयंत सिंह जूदेव के दो बेटे हैं। राजा की मौत के बाद दोनों बेटों और पत्नी उर्मिला सिंह संपत्ति के हकदार बन गए। कुछ साल पहले महारानी उर्मिला सिंह और बेटे जय सिंह ने मिलकर कई लोगों को चरखारी स्टेट की भूमि बेच दी जबकि छोटे बेटे जयराज सिंह के हस्ताक्षर नहीं कराए गए। जिस पर छोटे बेटे ने आपत्ति जताते हुए मुकदमा सिविल जज जूनियर चरखारी के यहां दायर कर दिया। इससे दोनों भाइयों और मां के बीच दरार पड़ गई। अब दोनों भाई एक-दूसरे सेे अलग हो गए हैं।