कानपुर। ग्रीनपार्क स्टेडियम को ज्यादा से ज्यादा अंतरराष्ट्रीय मैच दिलाने के लिए कवायद शुरू हो गई है। इसे लेकर शासन स्तर पर कई बड़े कदम उठाए जाएंगे। इसकी प्रक्रिया भी शुरू हो गई है। सबसे पहले ग्रीनपार्क की मैच फीस कम की जाएगी। अभी यहां अंतरराष्ट्रीय मैच की फीस इकाना स्टेडियम से दोगुना से भी ज्यादा है। यहां मैच न मिलने पाने की सबसे बड़ी वजह इसी को माना जा रहा है।
पिछले दिनों सांसद रमेश अवस्थी ने इस मामले में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और खेल सचिव सुहास एलवाई से चर्चा की थी। इसके तुरंत बाद मंडलायुक्त के निर्देशन में चार सदस्यीय कमेटी बनाकर मैच फीस कम करने के लिए रिपोर्ट तैयार की जा रही है। शासन के निर्देश हैं कि ग्रीनपार्क में मैच फीस कम करने की रिपोर्ट तैयार करते समय यह भी देख लिया जाए कि इकाना स्टेडियम और ग्रीनपार्क में मैच को लेकर पूरी समानता रखी जाए ताकि भविष्य में मैच मिलने में दिक्कत न होने पाए।
इसके अलावा ग्रीनपार्क को विकसित करने के लिए पूर्व में बनाए गए 250 करोड़ के बजट को नए प्रस्ताव में 750 करोड़ करने पर भी आपत्ति जताई गई है। अब नया निर्देश हुआ है कि इस प्रस्ताव को कम किया जाए ताकि शासन से मंजूरी मिलने में दिक्कत न हो। इसके अलावा सांसद ने स्टेडियम के ड्रेनेज सिस्टम को ठीक करना, दर्शक क्षमता 50 हजार करना, इंटरनेशनल मीडिया गैलरी बनाना और पार्किंग की सुविधा बढ़ाने की भी बात कही थी।
इसी तरह स्टेडियम के बगल में एनसीसी कार्यालय की जमीन पर एक पांच सितारा होटल बनाए जाने का प्रस्ताव भी इसमें शामिल किया गया है ताकि यहां आने वाले खिलाड़ियों को राेकने में किसी तरह की दिक्कत न हो। इसके अलावा शासन से केडीए को भी निर्देश दिया गया है कि दो बड़े होटलों के लिए पांच-पांच एकड़ की भूमि अलग से आरक्षित कर ली जाए।
हमने मुख्यमंत्री और खेल सचिव से भी अनुरोध किया है कि स्टेडियम में होने वाले सभी निर्माण कार्य सरकारी एजेंसी से कराए जाएं ताकि इनमें किसी तरह की रुकावट न आने पाए। साथ ही इसकी गुणवत्ता को लेकर भी किसी तरह का संशय न रहे। अंतरराष्ट्रीय मानक के आधार पर निर्माण होगा, तभी फिर से यहां मैच हो पाएंगे। साथ ही जो भी होटल बनाए जाएं उसे पीपीपी माॅडल पर बनवाया जा सकता है। इस संबंध में खेल सचिव से बात की गई है। -रमेश अवस्थी, सांसद महानगर
-
750 करोड़ के बजट का प्रस्ताव भी किया जाएगा कम
ग्रीनपार्क स्टेडियम को नए सिरे से विकसित करने के लिए छह महीने पहले 250 करोड़ का बजट बनाया गया था। बाद में जब इसमें कुछ और सुविधाएं जोड़ी गईं तो इसका बजट एकदम से बढ़कर 750 करोड़ कर दिया गया। शासन ने इतने बड़े बजट पर आपत्ति जता दी। ऐसे में सांसद रमेश अवस्थी ने सरकार से मिलकर इसके बजट को कम करने की बात रखी है। अब बताया जा रहा है कि मैच फीस कम करने के साथ ही भेजे गए भारी भरकम बजट वाले प्रस्ताव को भी नए सिरे से बनाए जाने की बात चल रही है।
-
डीपीआर में ये कार्य करने की है योजना
दर्शक क्षमता 27,400 से बढ़ाकर 51,500 की जाएगी। अत्याधुनिक फ्लड लाइटें, विश्वस्तरीय ड्रेनेज सिस्टम, नई वीवीआईपी गैलरी, नई दर्शक दीर्घाएं बनाई जाएंगी। पहले चरण में सी-बालकनी हटाकर 15,000 दर्शक क्षमता वाली तीन मंजिला वीवीआईपी गैलरी और मीडिया सेंटर व नया प्लेयर पवेलियन बनाया जाएगा। दूसरे चरण में ईस्ट स्टैंड को 17,000 क्षमता के साथ नया रूप दिया जाएगा। तीसरे चरण में नॉर्थ-वेस्ट, साउथ और वीआईपी स्टैंड का पुनर्निर्माण है। परियोजना के अनुसार दीर्घाओं का नामकरण सुनील गावस्कर, गोपाल शर्मा, सुरेश रैना और नीतू डेविड जैसे दिग्गज क्रिकेटरों के नाम पर किया जाएगा। यूपीसीए निदेशक प्रेम मनोहर गुप्ता ने कहा कि ग्रीनपार्क को देश के अन्य अंतरराष्ट्रीय स्टेडियमों की तर्ज पर विकसित किया जाएगा।