कानपुर। कर्नल सीके नायडू ट्रॉफी के दूसरे मुकाबले में उत्तर प्रदेश की टीम ने पहले दिन ही कर्नाटक की पहली पारी 235 रनों पर समेट दी और मैच का रुख अपनी ओर मोड़ लिया। दिन का खेल खत्म होने तक यूपी ने बिना विकेट गंवाए 28 रन बना लिए थे। क्रीज पर मोहम्मद आसियान 11 और स्वास्तिक चिकारा 16 रन बनाकर डटे हुए हैं। वहीं वाइड बाॅल का अतिरिक्त रन भी मिला। हिमाचल प्रदेश के खिलाफ रोमांचक जीत हासिल कर चुकी यूपी की टीम इस मैच में भी मजबूत शुरुआत करती दिखी।
मेरठ के विक्टोरिया पार्क स्टेडियम में खेले जा रहे मैच में कर्नाटक ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी की लेकिन यूपी के गेंदबाजों ने लगातार दबाव बनाते हुए बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया। कर्नाटक की ओर से हार्दिक राज ने नाबाद 54 रन की पारी खेली। जसपीर ने 38, कार्तिकेय ने 31 और शशि कुमार ने 28 रन बनाए। वहीं समित द्रविड़, ध्रुव प्रभाकर और प्रखर चतुर्वेदी ने 21-21 रन बनाए। यूपी टीम के गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया। कार्तिक यादव ने 40 रन देकर चार विकेट झटके जबकि शुभम मिश्रा ने तीन, नमन तिवारी को दो और विजय कुमार को एक विकेट मिला।