फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kanpur News: परीक्षा केंद्र के बाहर बनाया जाएगा संकलन केंद्र

Sat, 08 Feb 2025 12:47 AM IST
कानपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, कानपुर
विज्ञापन
विज्ञापन
कानपुर देहात। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल व इंटर की परीक्षा को नकल विहीन संपन्न कराने के लिए सचिव की ओर से परीक्षा के दौरान मोबाइल फोन पर पूरी तरह से रोक लगाने का आदेश दिया गया है। परीक्षा केंद्र के बाहर संकलन केंद्र बनाया जाएगा, जहां शिक्षक व बाकियों के मोबाइल जमा किए जाएंगे। परीक्षा अवधि में परीक्षा केंद्र परिसर में मोबाइल मिलने पर रिपोर्ट दर्ज करवाकर कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन

यूपी बोर्ड की हाईस्कूल व इंटर की परीक्षा 24 फरवरी से शुरू होगी। नकलविहीन परीक्षा संपन्न कराने के संबंध में सचिव माध्यमिक शिक्षा परिषद का पत्र मिलने के बाद डीआईओएस ने केंद्र व्यवस्थापकों को पत्र जारी कर परीक्षा केंद्र के अंदर मोबाइल फोन के साथ प्रवेश वर्जित करने का आदेश दिया है। शिक्षक व कर्मचारियों के अलावा परीक्षार्थियों का मोबाइल परीक्षा केंद्र के बाहर सुरक्षित रखने के लिए एक संकलन केंद्र बनवाने का निर्देश दिया है। जांच व निरीक्षण के दौरान परीक्षा केंद्र व कक्ष में मोबाइल फोन मिलने की स्थिति में जिम्मेदारों के साथ केंद्र व्यवस्थापकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने की चेतावनी दी है।
.........................
परिचयपत्र व आधार कार्ड अनिवार्य
परीक्षा की सुचिता बनी रहे व कक्ष निरीक्षकों के साथ कर्मचारियों की पहचान हो सके इसके लिए सभी को परीक्षा के दौरान विभाग की ओर से जारी परिचय पत्र को अपने वस्त्र के ऊपर पिन से टैग करना होगा। वहीं, आधार कार्ड भी अपने साथ रखना अनिवार्य होगा। डीआईओएस ने सभी केंद्र व्यवस्थापकों को पत्र जारी कर बिना आधार कार्ड के शिक्षकों की ड्यूटी नहीं लगाने का आदेश दिया है।
विज्ञापन

................
जमा करने होंगे शैक्षिक दस्तावेज
परीक्षा के दिन विषय विशेषज्ञ कक्ष निरीक्षकों की ड्यूटी न लगे, इसका विशेष ध्यान रखा जाएगा। डीआईओएस ने सभी केंद्र व्यवस्थापकों को शिक्षकों के शैक्षिक दस्तावेज विद्यालय में जमा करवाने का निर्देश दिया है। स्वयं जांच करने के बाद ड्यूटी लगाने की बात कहते हुए जांच टीम को जरूरत पड़ने पर दस्तावेज दिखाने का निर्देश दिया है।
.................
अंतिम चरण में तैयारियां
सहायक जिला विद्यालय निरीक्षक कुलदीप वर्मा ने बताया कि बोर्ड परीक्षा की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। केंद्र व्यवस्थापकों को सचिव के निर्देशों की जानकारी दी जा चुकी है। परीक्षा केंद्रों में मोबाइल फोन संग प्रवेश पूरी तरह से वर्जित रहेगा। परीक्षा को नकलविहीन संपन्न करवाना प्राथमिकता में है। इसमें शिथिलता बरतने पर कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन

..................
बोर्ड परीक्षा पर एक नजर
परीक्षार्थियों की संख्या 50417
हाईस्कूल के परीक्षार्थी 24311
इंटर के परीक्षार्थी 26106
परीक्षा केंद्र 79
राजकीय 04
सहायता प्राप्त 41
वित्तविहीन 34
कक्ष निरीक्षक 2942
माध्यमिक शिक्षा 1785
बेसिक शिक्षा 1157
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें