सेंट्रल यूपी व बुंदेलखंड के जिलों में ठंड का कहर जारी है। चौबीस घंटे में ठंड लगने से बुंदेलखंड के हमीरपुर में पांच व महोबा में एक की मौत हो गई। ज्यादातर स्थानों पर न्यूनतम तापमान पांच डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा। हमीरपुर के कुरारा क्षेत्र के सरसई गांव निवासी पूर्व प्रधान होरीलाल (75) की शनिवार दोपहर अचानक तबीयत बिगड़ गई। परिजन उन्हें सीएचसी ले गए। बाद में सदर अस्पताल में उन्हें मृत घोषित कर दिया।
इसी प्रकार कस्बा के वार्ड नंबर दो मटेहना मोहाल निवासी बालकिशन (70) की जिला अस्पताल में मौत हो गई। उधर, मुख्यालय के रमेड़ी मोहल्ला निवासी रामचंद्र वाल्मीकि (45) की सर्दी लगने से मौत हो गई। उधर, राठ के मझगवां थाने के टोला रावत गांव निवासी फूलवती (40) की हालत बिगड़ने पर परिजन सीएचसी ले गए। यहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
उमन्नियां गांव निवासी धर्मपाल कुशवाहा (60) को परिजन रविवार सुबह सीएचसी ले गए। जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। उधर, महोबा के कोतवाली चरखारी के नरेड़ी गांव निवासी किसान परमलाल (55) रात को खेत की सिंचाई कर घर वापस लौटे। ठंड लगने से वह अचेत हो गए। परिजन उन्हें जिला अस्पताल लाए। जहां उपचार दौरान उनकी मौत हो गई। उधर, बांदा में ठंड के चलते अलग-अलग 13 लोगों की हालत बिगड़ गई। सभी के परिजनों ने उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।