कानपुर देहात। राज्य आपदा प्रबंधन व मौसम विज्ञान विभाग ने घना कोहरे से दृश्यता की कमी व सर्द हवाओं को बढ़ने की संभावना को देखते हुए अलर्ट जारी किया है। जिलाधिकारी ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में शीतलहर बढ़ने की आंशका देखते हुए बैठक की। संबंधित विभाग को त्वरित तैयारी किए जाने निर्देश दिए हैं।
जिलाधिकारी कपिल सिंह ने बैठक में कहा कि जनहित सर्वोपरि है। प्रत्येक विभाग कोहरे या पाले से किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसकी तैयारी कर लें। इसके लिए आपदा प्रबंधन इकाई, स्वास्थ्य, कृषि, परिवहन, पुलिस, शिक्षा सहित अन्य विभाग आपस में समन्वय बनाते हुए कार्य करें। नगर निकाय व ग्राम पंचायतों को सभी प्रमुख मार्गों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, अस्पतालों व भीड़ वाले स्थानों पर अलाव की व्यवस्था करने को कहा। साथ ही रैन बसेरों, अस्थायी आश्रयस्थलों में गर्म कपड़ों, गर्म पानी व प्रकाश की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। टीम गठित करते हुए रात में गश्त बढ़ाई जाए।
स्वास्थ्य विभाग प्राथमिक व सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में आवश्यक दवाओं, हीटर, व एंबुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित करें। कृषि एवं उद्यान विभाग को निर्देशित किया कि किसानों को पाले व ठंड से फसलों को बचाने के लिए कृषि कृषि विज्ञान केंद्रों द्वारा जारी एडवाइजरी से किसानों को अवगत कराया जाए। पशुपालन विभाग से पशु आश्रय स्थलों में बिछावन, तिरपाल, पानी, भूसा, टीकाकरण और गर्माहट की व्यवस्था सुनिश्चित करने का कहा।
.....................
यातायात विभाग रहे सतर्क, मार्गों पर करें निगरानी
डीएम ने यातायात पुलिस को निर्देश दिए कि कोहरे के दौरान मुख्य मार्गों पर निगरानी बढ़ाई जाए। चालकों को धीमी गति में वाहन चलाने के लिए प्रेरित करें। जहां दृश्यता कम हो, वहां आवश्यकता अनुसार डायवर्जन लागू किए करने की बात कही। इसके अलावा परिवहन विभाग को यातायात सेवाओं में सुरक्षा सलाह जारी करने और यात्रियों को देरी, दृश्यता की स्थिति और सावधानी संबंधी जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। वहीं विद्युत विभाग को फॉल्ट, ढीले तार, ट्रांसफार्मरों की स्थिति की समीक्षा कर निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा। इसमें अस्पतालों, जल निगम, रैन बसेरों और प्रमुख स्थलों पर बैकअप व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए।
...............
आमजन से की अपील, जरूरत पर ही निकलें बाहर
मौसम में हो रहे बदलाव को देखते हुए डीएम ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि जरूरत पड़ने पर घर से बाहर निकले। बाहर निकलने के दौरान शरीर को ढक कर गर्म कपड़े पहन कर ही बाहर निकले। आवश्यकता पड़ने पर चिकित्सकीय सलाह लें। रात में अलाव के पास सावधानी बरतें और कोहरे में तेज गति से वाहन न चलाएं। कहा कि पाले से ढकी सड़क पर दुर्घटना होने की आशंका बनी रहती है।