मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 23 मार्च को कानपुर शहर में कई कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। सबसे पहले वह चुन्नीगंज में मेट्रो स्टेशन और कन्वेंशन सेंटर का निरीक्षण करेंगे। इसके बाद सर्किट हाउस स्थित प्रेसीडेंसियल सुइट निर्माण को देखने जाएंगे। फिर सरसैया घाट स्थित नवीन सभागार में मंडलीय समीक्षा बैठक में मंधना-अनवरगंज एलीवेटेड रेलवे ट्रैक, यातायात, जयपुरिया व दादानगर क्रासिंग ओवरब्रिज समेत दूसरी योजनाओं पर चर्चा करेंगे। वह शहर में इस दौरान गंगा रिवर फ्रंट, उसे बिठूर के परियर पुल तक गंगा पथ के रूप में जोड़ने पर भी चर्चा हो सकती है।
इस मौके पर सभी जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री बिठूर महोत्सव में के समापन समारोह में हिस्सा लेने जाएंगे। सीएम के आगमन को लेकर नगर निगम की ओर से वर्तमान में शहर में सफाई कार्य तेज कर दिया गया है। शुक्रवार को 320 सफाई कर्मचारी लगाकर मुख्यमंत्री के रूट पर काम कराया गया। लाल इमली के पास नगर निगम के कर्मचारी लाइटें ठीक करते रहे। देर शाम मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियों संबंधी समीक्षा किया।