मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कानपुर में विपक्षी पार्टियों पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कुछ लोग दंगा कराकर राजनीति करना चाहते हैं। अब ऐसा नहीं होने पाएगा। प्रदेश में कोई भी दंगा फैलाने की सोचेगा तो उसे कड़ी कीमत चुकानी होगी। कहा कि अब पूरी तरह कानून का राज चलेगा। वे सीएसए सभागार में आयोजित कार्यक्रम में बोल रहे थे।
उन्होंने कहा कि जब कोई भेदभाव नहीं किया जा रहा है तो दंगा क्यों बर्दाश्त किया जाए। भाजपा की चार महीने की सरकार में एक भी दंगा नहीं हुआ। आगे भी ऐसा ही रहेगा। हर कोई कानून के दायरे में होगा। दंगा भड़काने वालों के लिए सरकार ने सख्त निर्देश जारी किए हैं, ऐसे लोगों को ढूंढकर सबक सिखाया जाएगा। किसी भी वर्ग, समुदाय के लोगों को डरने की जरूरत नहीं है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अभी तक की प्रदेश की सरकारों के एजेंडे में गरीब बिल्कुल था नहीं। यही वजह है कि जो भी योजनाएं शुरू की गई वे सिर्फ शिलान्यास तक ही सीमित रह गईं। उन्होेंने कहा कि नरेंद्र से नरेंद्र (स्वामी विवेकानंद) का युग शुरू हुआ है। पूरा देश रामराज्य की परिकल्पना के नए रूप में तैयार हो रहा है। इसमें जनता जनार्दन का सहयोग जरूरी है।
बायो टॉयलेट का लोकार्पण किया
कानपुर में सीएम योगी आदित्यनाथ
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को कानपुर के कारगिल पार्क में स्वामी विवेकानंद जी स्मृतिका और बायो टॉयलेट का लोकार्पण किया। कारगिल पार्क में तय समय से 35 मिनट देरी से दोपहर 12:20 बजे कारगिल पार्क पहुंचे मुख्यमंत्री ने सबसे पहले अमर शहीदों को श्रृद्धासुमन अर्पित किए। इसके बाद स्वामी विवेकानंद जी स्मृतिका का पर्दा हटाकर लोकार्पण किया। उनकी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर नमन किया। स्वामी विवेकानंद पर लिखी गई पुस्तिका का विमोचन भी किया। कारगिल पार्क में ही स्थापित किए गए ग्रीन स्मार्ट बायो टॉयलेट कांप्लेक्स का फीता काटकर लोकार्पण किया। कदम्ब के पौधे का रोपण भी किया।
फूल की जगह खादी के रुमाल से करें स्वागत
कानपुर में सीएम योगी आदित्यनाथ़
मुख्यमंत्री आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्देश पर प्रदेश सरकार वीआईपी कल्चर को पूरी तरह बदल रही है। यही वजह है कि किसी का स्वागत करने के लिए बुके और बड़ी मालाओं की परंपरा को खत्म किया गया है। इससे थोड़ा आगे जाकर अब लोगों का स्वागत खादी की रुमाल से करने की व्यवस्था शुरू की जाएगी। इससे खादी घर-घर पहुंचेगी। उन्होंने खादी ग्रामोद्योग मंत्री सत्यदेव पचौरी को इस दिशा में काम करने को कहा।
इस मौके पर नगर विकास मंत्री सुरेश खन्ना, कैबिनेट मंत्री सतीश महाना, सत्यदेव पचौरी, निवर्तमान महापौर जगतवीर सिंह द्रोण, सांसद देवेंद्र सिंह भोले, विधायक महेश त्रिवेदी, पनकी मंदिर के महंत जितेंद्र दास, भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष मानवेंद्र सिंह, रघुनंदन भदौरिया, डीएम सुरेंद्र सिंह, सीडीओ अरुण कुमार, अजय अग्निहोत्री, अभिषेक मोनू के साथ नगर प्रशासक अविनाश सिंह, मुख्य अभियंता मनीष सिंह सहित नगर निगम के अन्य अफसर शामिल रहे।
प्रदेश में तेजी से होगा औद्योगिक निवेश--मुख्यमंत्री
कानपुर में सीएम योगी आदित्यनाथ
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बताया है कि प्रदेश में जल्द ही बहुराष्ट्रीय कंपनियां औद्योगिक निवेश करेंगी। फिलहाल पांच बड़ी कंपनियां आने की तैयारी में हैं, जिनमें से सैमसंग पांच हजार करोड़ का निवेश करेगी। सरकार का इससे अनुबंध भी हो चुका है। बाकी कंपनियाें का बजट भी इसी तरह का है।
गुरुवार को यहां नगर विकास मंत्रालय से जुड़ी 850 करोड़ की योजनाओं के लोकार्पण अवसर पर उन्होंने बताया कि पिछली सरकारों की गलत नीतियों और भ्रष्टाचार के चलते बाहर से लोग यहां उद्योग लगाने नहीं आ रहे थे। उन्होंने सैमसंग कंपनी का उदाहरण दिया। बताया कि इस कंपनी ने यहां पर पांच हजार करोड़ के निवेश के लिए 2012 में सरकार के पास अपने कागजात जमा करा दिए थे।
तत्कालीन सरकार में नौकरशाही से लेकर सरकार के नुमाइंदों की गतिविधियों से उस कंपनी की फाइल पूरे पांच साल तक इस काउंटर से उस काउंटर तक घूमती रही। भाजपा की सरकार आते ही उस फाइल पर फैसला हो गया। अब सैमसंग अपना प्रोजेक्ट प्रदेश में शुरू करने जा रही है। पिछले दिनों देश और विदेश की बड़ी कंपनियों के लोगों का प्रदेश में सम्मेलन हुआ जिसमें काफी संख्या में लोगों ने यहां औद्योगिक निवेश के इच्छा जाहिर की है। इन कंपनियों से सरकार ने सिर्फ इतनी शर्त रखी है कि इनमें रोजगार प्रदेश के युवाओं को ही दिया जाए। कंपनी के लोग इस पर तैयार हो गए हैं।
स्मार्ट कार्ड से जमा करें हाउस टैक्स, एटीएम से लें दूध
कानपुर में सीएम योगी आदित्यनाथ
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (सीएसए) में आयोजित कार्यक्रम में 849.10 करोड़ रुपये की योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। रिमोट का बटन दबाते ही शिलापट्टों से पर्दा हट गया। इसके अलावा स्मार्ट सिटी का लोगो, नगर निगम के स्मार्ट कार्ड, नगर निगम के मोबाइल एप की लांचिंग के साथ ही मिल्क एटीएम का भी लोकार्पण किया। स्मार्ट सिटी मिशन के तहत तत्काल होने वाली 27491 लाख की परियोजनाओं की भी घोषणा की।
मिल्क एटीएम से 60 रुपये लीटर गाय का दूध
नगर निगम ने पीपीपी मॉडल के तहत बड़ा चौराहा पर जेड स्क्वायर मॉल के सामने मिल्क एटीएम बनवाया है। मुख्यमंत्री ने सीएसए से बटन दबाकर इस एटीएम की शुरुआत की। नगर निगम जोन-1 के प्रभारी अभियंता आरके सिंह के अनुसार इस एटीएम से सुबह आठ बजे से दोपहर 12 बजे तक गाय का शुद्ध दूध 60 रुपये लीटर के हिसाब से मिलेगा। इसके लिए एटीएम पर बैठे कर्मचारी को रुपये देकर टोकन लेना होगा। टोकन डालते ही एटीएम से दूध निकलेगा। हालांकि आपको बर्तन लेकर आना होगा। एटीएम में मट्ठा भी उपलब्ध है। मट्ठा 40 रुपये लीटर मिलेगा। मट्ठे के लिए कागज के गिलास मुफ्त मिलेंगे।
स्मार्ट कार्ड से जमा करो हाउस टैक्स
नगर प्रशासक अविनाश सिंह के मुताबिक नगर निगम का स्मार्ट कार्ड आप एचडीएफसी बैंक की किसी भी शाखा में जाकर बनवा सकते हैं। इसके लिए आपको आधार कार्ड ले जाना होगा। कार्ड शुक्रवार से ही बनवाए जा सकते हैं। खास बात यह है कि कार्ड निशुल्क बनेगा और इसके उपयोग में भी अतिरिक्त कोई चार्ज नहीं देना होगा। कार्ड से फिलहाल ऑनलाइन हाउस टैक्स जमा करने की सुविधा मिलेगी। आगे चलकर इसी कार्ड की मदद से बिजली का बिल, पार्किंग शुल्क रेलवे और मेट्रो का भी टिकट मिल सकेगा।
ऐसे करेगा काम
नगर निगम के मुख्य यांत्रिक अभियंता रामनगीना त्रिपाठी ने बताया कि स्मार्ट कार्ड में बैंक से ही वैल्यू डलानी होगी। इसके बाद ऑनलाइन (www.kmc.up.nic) टैक्स जमा करते समय जब आप डिटेल डालेंगे तो पेमेंट का ऑप्शन आएगा। इसमें आप को स्मार्ट कार्ड का ऑप्शन चुनना होगा। इसके बाद मांगी गई जानकारी भरने पर आपका टैक्स जमा हो जाएगा। जितना आपका टैक्स होगा, उतनी ही वैल्यू आपके कार्ड से कम हो जाएगी।
एप से करें शिकायत
नगर निगम ने अपना मोबाइल एप भी तैयार किया है। एंड्रॉयड फोन में प्ले स्टोर से डाउन लोड होने वाले इस एप में नगर निगम की सुविधाओं की जानकारी मिलेगी। हाउस टैक्स भी जमा किया जा सकेगा। शिकायत करने के साथ ही सुझाव भी दे सकते हैं। हालांकि अभी एप का नाम फाइनल नहीं हुआ है। नाम तय होते ही एप प्ले स्टोर पर उपलब्ध होगा।
ये काम जनता को समर्पित (लोकार्पण)
कार्य का नाम धनराशि (करोड़ रुपये में)
बिनगवां में बने 210 एमएलडी सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट 141.96
सजारी में नवनिर्मित 42 एमएलडी क्षमता का सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट 44.27
गंगा बैराज में 200 एमएलडी क्षमता का जल शोधन संयंत्र 27.34
बैराज में ही नवनिर्मित 200 एमएलडी क्षमता कादूसरा जल शोधन संयंत्र 56.58
गुजैनी वाटर वर्क्स में 28.50 एमएलडी क्षमता का जल शोधन संयंत्र 7.0
गंगा का पानी भैरोघाट पंपिंग स्टेशन लाते समय बालू हटाने के लिए खरीदा गया ड्रेजर 1.07
जलकल विभाग की जेसीवी मशीन, हाइड्रोलिक ट्राली 0.30
जलकल विभाग के जलापूर्ति के 9, सीवर संबंधी 22 कार्य 1.16
सीवर लाइनों की सफाई करने के लिए खरीदी गईं दो जेटिंग मशीनें 1.51
मेडिकल कालेज चौराहे से झकरकटी डिवाइडर तक लगीं एलईडी 2.89
कारगिल पार्क में विवेकानंद स्मृतिका सहित 36 विकास कार्य 15.42
इन कामों का हुआ शिलान्यास
14वें वित्त आयोग से सड़कों के निर्माण सहित कई विकास कार्य 64.28
विभिन्न मदों से होने वाले 32 विकास कार्य 11.14
गंगा किनारे के 34 वार्डों में सीवेज कार्य 370.40 15
सीसामऊ सहित छह नालों को मोड़कर गंदा पानी एसटीपी ले जाना 63.80
14 वें वित्त आयोग से पेयजल व्यवस्था दुरुस्त करने के 17 कार्य 4.93
14 वें वित्त विभिन्न क्षेत्रों में सीवेज के 11 कार्य 6.50
14 वें वित्त आयोग से ई-गर्वनेंस कार्य 1.05
पेयजल के लिए 20 करोड़ लीटर, 8 करोड़ लीटर क्षमता के फिल्टर प्लांट 1.0
आरटीओ माडल रोड के डिवाइडर पर एलईडी लाइटें लगाने का कार्य 0.28
कालपी रोड में विजय नगर से जरीबचौकी से विजय नगर तक एलईडी लाइटें 1.73
चिड़ियाघर चौराहे से गंगा बैराज चौराहे तक डिवाइडर पर एलईडी लाइटें 0.36
अमृत योजना के तहत विभिन्न क्षेत्रों के सात पार्कों का सौंदर्यीकरण 13.57
स्वच्छ भारत मिशन के तहत 97 शौचालयों का निर्माण 7.13
आरटीओ रोड में सीवर, सड़क, पार्किंग कार्य 3.43
स्मार्ट सिटी मिशन के तहत 27491 लाख की इन परियोजनाओं की हुई घोषणा
पंडित दीनदयाल उपाध्याय इंडोर स्पोर्ट्स कांप्लेक्स 5800 लाख
पंडित दीनदयाल स्मृति वाटिका 612.00 लाख
सभी छह जोनों में ओपन स्मार्ट जिम का निर्माण 240.00 लाख
छह स्मार्ट कूड़ा ट्रांसपर स्टेशनों का निर्माण 336.00 लाख
स्मार्ट पब्लिक टायलेट का निर्माण 80.00 लाख
स्मार्ट सिटी कार्यालय, नगर निगम बिल्डिंग की फेसलिफ्टिंग 926.00 लाख
स्किल डेवलपमेंट सेंटर 9400.00 लाख
ओल्ड एज सेंटर 297.00 लाख
कानपुर शहर में कॉमन कमांड एंड कंट्रोल सेंटर का निर्माण 9800.00 लाख