यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ धर्मनगरी चित्रकूट के दौरे पर हैं। शुक्रवार को उन्होेंने कसहाई विकास खंड चित्रकूटधाम में स्कूल चलो अभियान में बेहतर प्रदर्शन करने वालों सम्मानित किया। इससे एक दिन पहले गुरुवार को उन्होेंने मुख्यमंत्री ने ललितपुर जिले की 66 योजनाओं का लोकार्पण किया, इनकी लागत एक अरब दस करोड़ 70 लाख 18 हजार रुपये है। इसके साथ ही 48 करोड़ 70 लाख 94 हजार रुपये की दस योजनाओं का शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों के साथ कानून व्यवस्था और विकास कार्यों की समीक्षा की। ललितपुर जिले के दौरे पर पहुंचे मुख्यमंत्री ने कल्यानपुरा गांव स्थित गोचर जमीन पर बन रहे गोवंश आश्रय केंद्र का लोकार्पण करने के उपरांत जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार किसानों, नौजवानों और महिलाओं की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।
बुंदेलखंड की प्रमुख समस्या सूखा, अन्ना प्रथा और सिंचाई की है। इसके लिए लगातार बुंदेलखंड का दौरा किया जा रहा है। आज भी इस समस्या का समाधान निकालने के लिए ग्राम्य विकास विभाग मंत्री, सिंचाई मंत्री और कृषि मंत्री के साथ में मौजूद हैं। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में सिंचाई व पेयजल का संकट एक चुनौती है, इससे निपटने के लिए ग्राम्य विकास विकास और नगरीय विकास विभाग को निराकरण करने के लिए कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए गए हैं। टीम बनाकर पूरे बुंदेलखंड का सर्वे किया जाएगा। ग्राम्य विकास विभाग को तीन साल के अंदर इस संकट का समाधान करने का निर्देश दिया है। इसके लिए टीम बनाने का काम शुरू कर दिया गया है और जल्द ही सर्वे का काम शुरू किया जाएगा। सिंचाई की समस्या पर बताया कि प्रदेश में सरकार बनने के बाद सालों से लटकी छह सिंचाई परियोजनाओं को 31 मार्च तक पूरा कर लिया गया है। इसके साथ ही दो बड़ी परियोजनाओं को 20 जून को पूरा कर लिया जाएगा। बुंदेलखंड की सभी सिंचाई परियोजनाओं को 2019 तक पूरा कर सिंचाई की समस्या को खत्म कर दिया जाएगा। वहीं, सूखे की समस्या पर कहा कि किसानों के लिए यह एक बड़ी समस्या है और इसका समाधान जरूरी है। इसी समस्या का निराकरण करने के लिए लगातार इस क्षेत्र का दौरा किया जा रहा है। योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी बुंदेलखंड की इस समस्या को लेकर चिंतित हैं और मैंने मुख्यमंत्री बनने के बाद पहला दौरा बुंदेलखंड का ही किया था। दौरा इसी के लिए चल रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी सूखे की समस्या के निराकरण के लिए प्रतिबद्ध हैं।
गो आश्रय स्थल आदर्श उदाहरण
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सरकारी गोचर जमीन पर जनता के सहयोग से बन रहे गोवंश आश्रय केंद्र की तारीफ करते हुए जिला प्रशासन और जनप्रतिनिधियों को बधाई दी। उन्होंने अन्ना प्रथा के संबंध में बताया कि जनता की समस्या जनता ही दूर कर सकती है, लेकिन उसके लिए योग्य योजक की आवश्यकता होती है। उन्होंने बताया कि कार्ययोजना प्रारंभ होने से पहले सरकार से मदद की उम्मीद की जाती है, लेकिन ललितपुर में सरकारी जमीन पर बन रही इस गोशाला में सरकार की मदद नहीं ली गई, बल्कि जनता ने सहयोग कर एक उदाहरण प्रस्तुत किया है।
गेहूं का बढ़ाया समर्थन मूल्य
मुख्यमंत्री ने ललितपुर वासियों की तारीफ करते हुए कहा कि यह जिला बुंदेलखंड का समृद्घ, खुशहाल माना जाता है और यहां के लोग अपनी सज्जनता, सरलता और कर्मठता के लिए जाने जाते हैं। पिछले साल पूरे प्रदेश में सबसे अधिक गेहूं का उत्पादन किया गया था और सर्वाधिक खरीद की गई थी। उन्होंने बताया कि पिछले साल प्रदेश में 37 लाख मीट्रिक टन गेहूं 1625 रुपये के हिसाब से खरीदा। इस साल समर्थन मूल्य इसमें 110 रुपये केंद्र सरकार और 110 रुपये प्रदेश सरकार ने बढ़ाए हैं। इस साल गेहूं को 1745 रुपये प्रति क्विंटल की दर से खरीदा जाएगा।
हर गरीब का राशन कार्ड बनाने के निर्देश
योगी आदित्यनाथ ने बताया कि गरीबों को योजनाओं का लाभ मिल सके। इसके लिए जिला प्रशासन को निर्देश दिया है कि कोई गरीब राशन कार्ड से वंचित न रह पाए। इसके लिए अभियान चलाकर राशन कार्ड बनाए जाए और शासन की योजनाओं का लाभ दिलाने का काम किया जाए।
सीएम के कार्यक्रम में गैर मौजूद रहने पर उमा ने दी सफाई
प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम में शामिल नहीं होने पर केंद्रीय मंत्री उमा भारती ने अपनी सफाई दी है। उनका कहना है कि लोकतंत्र को बाधित करने के विरोध में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उपवास रखा। इसका अनुसरण करते हुए मंत्री भी दिल्ली में उपवास पर बैठे हैं, जिससे वह योगी के कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सकीं। इस पर उन्होंने क्षेत्रीय जनता से माफी मांगी है। इस आशय की जानकारी भाजपा के जिला मीडिया प्रभारी देवेंद्र गुरू ने दी है।