सपा सरकार के दाैैरान शुरु हुये कानपुर मेट्राे प्राेजेक्ट के दिन अब प्रदेश की याेगी सरकार की वजह से बहुरने वाले हैं। नोएडा में मजेंटा लाइन मेट्रो के शुभारंभ के दाैरान मुख्यमंत्री ने इस बात के संकेत दिये हैं कि कानपुर मेट्राे का काम जल्द ही शुरु हाे जाएगा।
नोएडा में मजेंटा लाइन मेट्रो के शुभारंभ मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि इसी वित्तीय वर्ष में कानपुर मेट्रो का काम भी शुरू हो जाएगा। इससे नए साल में कानपुर को मेट्रो का काम शुरू होने का तोहफा मिलेगा।
मेसर्स रेल इंडिया टेक्निकल एंड इंजीनियरिंग सर्विसेस (राइट्स) कानपुर मेट्रो प्रोजेक्ट की संशोधित डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) बना रही है। 31 दिसंबर को राइट्स नई डीपीआर शासन को सौंपेगी। इसी दिन अर्बन मास ट्रांसपोर्ट कंपनी (यूएमटीसी) संशोधित कंप्रीहेंसिव मोबिलिटी प्लान भी शासन में पेश होगा।
इसके आधार पर प्रोजेक्ट आगे बढ़ेगा। केंद्र सरकार ने प्रदेश में मेट्रो परियोजनाओं के क्रियान्वयन के लिए मेट्रो नीति लागू कर दी है। नई नीति के लिहाज से मेट्रो प्रोजेक्ट को आगे बढ़ाने के लिए प्रदेश में यूपी मेट्रो रेल कारपोरेशन का गठन किया जाना है।
इस संदर्भ में प्रमुख सचिव (आवास) मुकुल सिंहल की अध्यक्षता में मेट्रो परियोजनाओं वाले शहरों के प्रमुख विभागों, लखनऊ मेट्रो रेल कारपोरेशन समेत कई विभागों के अधिकारियों की बीते दिनों बैठक हो चुकी है।
बैठक में कानपुर मेट्रो प्रोजेक्ट की संशोधित डीपीआर और मोबिलिटी प्लान 31 दिसंबर को सौंपने के निर्देश दिए गए थे। 2016 में तत्कालीन सपा सरकार के दौरान पॉलिटेक्निक में कानपुर मेट्रो के यार्ड और इसकी बाउंड्री वॉल बनाने का काम शुरू हुआ था। बेहद धीमी गति से हो रहे यह काम फिलहाल अटके हैं।