उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को कानपुर से दिल्ली के बीच स्पाइस जेट की पहली हवाई यात्रा का शुभारंभ किया। कानपुर के अहिरवा एयरपोर्ट पर हुए उद्घाटन समारोह में केंद्रिय उड्डयन मंत्री सुरेश प्रभु भी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि विकास के लिए हवाई कनेक्टिविटी अपरिहार्य बन गई है। कानपुर जैसे औद्योगिक शहर को इसकी दरकार थी। इससे विकास को गति मिलेगी। कानपुर वासियों का आज सपना पूरा हुआ।
सीएम योगी ने कहा कि घरेलू उड़ान के लिए हिंडन/जेवर एयरपोर्ट में सिविल टर्मिनल बनाया जा सकता है, इससे IGAP, दिल्ली का दबाव कम होगा। उत्तर प्रदेश के इलाहाबाद, वाराणसी एवं कानपुर की फ्लाइट को हिंडन से जोड़ा जा सकता है।
गाजियाबाद से दिल्ली तक लंबा फ्लाई ओवर बन जाने से दिल्ली पहुचने में बहुत कम समय लग रहा है जबकि IGAP से ज्यादा समय लगता है। उन्होंने कहा कि कानपुर को देश के प्रमुख शहरों जैसे सूरत, अहमदाबाद, बंगलोर, मुम्बई, चेन्नई, हैदराबाद, कोलकाता से कानपुर को हवाई सेवा से जोड़ने पर व्यापारियों को लाभ मिलेगा।
स्पाइस जेट के CMD अजय सिंह का अपील करते हुए सीएम ने कहा कि प्रदेश के प्रमुख शहरों से स्पाइस जेट सेवाएं शुरू करे, प्रदेश सरकार पूरा सहयोग करेगी। सीएम ने आगे बोलते हुए कहा कि इन्वेस्टर समिट के दौरान प्रधानमंत्री की परिकल्पना के क्रम में डिफेंस कॉरिडोर पर कार्य तेजी से चल रहा है। कानपुर को केंद्र में रख कर आस-पास के जनपदों हेतु प्रदेश सरकार ने नीति बनाकर अनुमोदन कर दिया है। उन्होंने आगे कहा कि कानपुर क्रांतिकारियों की धरती रही है।
केंद्रीय वाणिज्य, उद्योग एवं नागरिक उड्डयन मंत्री सुरेश प्रभु ने अपने संबोधन में कहा कि इस हवाई उड़ान से कानपुर के व्यापारियों को लाभ मिलेगा। जून 2018 माह में एविएशन सेक्टर में 20 प्रतिशत बढ़ोत्तरी हुई। किसानों को उनके उत्पाद का उचित मूल्य दिलाने के लिए देश भर में कार्गो हब बनाने का कार्य चल रहा है।
उत्तर प्रदेश के सभी हवाई अड्डों पर प्रदेश के लोकल उत्पादों प्रदर्शित किया जा रहा है। प्रभु ने आगे कहा कि गोरखपुर से नेपाल के लिए शीघ्र हवाई सेवा प्रारम्भ की जाएगी।