यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को धर्मनगरी चित्रकूट के कामदगिरी मंदिर की परिक्रमा सुबह 7 बजे से शुरू कर दी। परिक्रमा पथ पर उन्होंने पौधरोपण भी किया। इससे पहले निर्मोही अखाड़ा में साधु-संतों के साथ बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान श्रीराम की तपोस्थली चित्रकूट को सूबों की सरहद में नहीं बंधने देंगे। इसे ‘फ्री जोन’ बनाकर सभी बुनियादी सुविधाएं मुहैया कराके इस क्षेत्र का समुचित और समग्र विकास कराया जाएगा। इसके लिए यूपी-एमपी की सरकारें मिलकर आपसी तालमेल से काम करेंगी। बिजली पानी 24 घंटे मिलेगा। भगवान श्रीराम की कर्मस्थली का विकास जन्मस्थली अयोध्या की तर्ज पर होगा।