मुख्यमंत्री योगी ने टेनरी शिफ्टिंग पर मुहर लगा दी
गंगा किनारे स्थापित 400 टेनरियों को शिफ्ट करने को लेकर चल रही प्रदेश सरकार की कवायद पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मुहर लगा दी। वर्ष 2019 में इलाहाबाद में होने वाले अर्द्धकुंभ मेले की तैयारियों के संबंध में शनिवार को लखनऊ में बात करते हुए मुख्यमंत्री ने साफ कर दिया कि कानपुर और कन्नौज के सभी चमड़ा उद्योगों को गंगा किनारे से शिफ्ट किया जाएगा।
करीब तीन दिन पहले नेशनल ग्रीन ट्रिब्युनल (एनजीटी) की सुनवाई के दौरान प्रदेश सरकार के अधिवक्ता पिनाकी मिश्र ने कहा था कि कानपुर की टेनरियों को दूसरी शिफ्ट करने का प्रस्ताव तैयार है, सरकार इसकी रिपोर्ट 15 दिन के अंदर दे देगी। इस बीच कानपुर नगर के रमईपुर (नौबस्ता के आगे) में सरकार मेगा लेदर क्लस्टर स्थापित करने की तैयार भी शुरू कर दी है। फिलहाल 500 एकड़ क्षेत्र में बसाये जाने वाले इस क्लस्टर परिसर में इन टेनरियों को भी स्थापित करने की योजना है। इसी तरह कन्नौज में भी यही व्यवस्था की जाएगी।