कानपुर। नगर निगम अब सीएम ग्रिड की सड़कों के निर्माण में देरी करने वाली कार्यदायी संस्थाओं पर शिकंजा कसेगा। निर्धारित अवधि में काम पूरा नहीं करने पर जुर्माने का प्रावधान रखा जाएगा। इसके लिए नगर निगम सीएम ग्रिड के कार्य करा रही संस्थाओं से हलफनामा लेगा। मंगलवार को नगर निगम मुख्यालय में हुई बैठक में महापौर प्रमिला पांडेय और नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने सड़क निर्माण, पौधरोपण अभियान और जलभराव की स्थिति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को यह निर्देश दिए।
बैठक में जोन-6 के अधिशासी अभियंता आरके सिंह ने बताया कि बगिया क्रॉसिंग से केसा कार्यालय तक सड़क का एक तरफ का काम पूरा हो चुका है। दूसरी तरफ जलनिगम की सीवर लाइन के कारण कार्य रुका है। जोन-3 के अधिशासी अभियंता आरके तिवारी ने बाबा कुटी चौराहे से सोटे बाबा मंदिर होते हुए अलंकार गेस्ट हाउस तक सड़क पर जलभराव नहीं होने का आश्वासन दिया। कहा कि दीप सिनेमा तिराहे से सोटे बाबा मंदिर वाया एच ब्लॉक तक सड़क का काम बरसात के बाद शुरू होगा। जोन-2 के अधिशासी अभियंता दिवाकर भास्कर ने बताया कि लाल बंगला रोड से वीआईपी रोड और पैसिफिक लॉन से जेके फर्स्ट चौराहा तक 1100 मीटर सड़क का काम सितंबर तक पूरा किया जाएगा। महापौर ने कहा कि वह बुधवार को घंटाघर से परेड होते हुए ग्रीनपार्क तक बन रही सड़क का निरीक्षण करेंगी ताकि जगन्नाथ रथयात्रा प्रभावित न हो। उन्होंने बरसात में जलभराव रोकने के लिए लगातार पंप चलाने के निर्देश भी दिए गए। मुख्य अभियंता सिविल सैय्यद फरीद अख्तर जैदी ने बताया कि बरसात के दौरान सीवर और ड्रेनेज व्यवस्था सुचारु रखने के लिए सभी अधिशासी अभियंताओं को पांच-पांच मड पंप उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए हैं।
तीन लाख 48 हजार पौधे लगाने का लक्ष्य
नगर आयुक्त ने बताया कि नौ से 12 जुलाई तक चलने वाले अभियान में शासन ने 2.61 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य दिया है। इसके सापेक्ष नगर निगम तीन लाख 48 हजार 51 पौधे लगाएगा। प्रत्येक वार्ड में 500 पौधे लगाने की योजना है। महापौर ने जाजमऊ उत्तरी, दक्षिणी, सनिगवां, चकेरी, दबौली, फजलगंज, कलक्टरगंज, हंसपुरम आवास विकास, स्वर्ण जयंती विहार और कोपरगंज जैसे गर्म वार्डों में अधिक पौधरोपण करने के निर्देश दिए। उन्होंने विलुप्त हो रहे पौधे (गूलर, कैथा और जंगल जलेबी) लगाने का सुझाव दिया।