कानपुर। महाराजपुर के बैजाखेड़ा गांव में सोमवार को रंजिश में दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। दोनों पक्षों से पांच लोग घायल हुए। बैजाखेड़ा निवासी सनी निषाद का भाई आशू खेत में दवा का छिड़काव कर रहा था। पड़ोसी सुखराम ने आशू के ट्यूबवेल से पानी मांगा। आशू ने पानी देने से मना किया तो सुखराम ने गालीगलौज की। विवाद मारपीट में बदल गया। शोर सुनकर विष्णु, सनी और समर पहुंचे। आरोप है कि दूसरे पक्ष के 8-10 लोगों ने लाठी-डंडों और धारदार हथियार से हमला कर लहूलुहान कर दिया। आशू, विष्णु, सनी, समर, सुखराम घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को अस्पताल भेजा। महाराजपुर थाना प्रभारी जनार्दन सिंह के अनुसार दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर आरोप लगाए हैं। तहरीर लेकर प्राथमिकी दर्ज की जा रही है। (संवाद)