इटावा। आगामी त्योहारों से पहले ही शहर में जाम की स्थितियां आम हो गईं हैं। शहर के प्रमुख तिराहे व चौराहे हरदिन जाम से कराह रहे हैं। हालांकि प्रशासन की ओर से अधिकांश चौराहों व तिराहों पर यातायात कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। लेकिन ये कर्मचारी त्योहार से पहले ही जाम से निजात दिलाने में पसीना-पसीना होते नजर आ रहे है। शहर में इन दिनों त्योहारों को लेकर बाजारों में रौनक देखने को मिलने लगी है। शहर के शास्त्री चौराहा, ईदगाह रोड, बस स्टैंड तिराहा, नौरंगाबाद चौराहा, पक्का बाग सहित प्रमुख चौराहों पर आए दिन जाम की स्थिति बन रही है। इसके साथ ही गुरुतेग बहादुर ओवरब्रिज पर भी अक्सर जाम लग जाता है। इस समय सबसे ज्यादा परेशानी कानपुर की ओर से इटावा की ओर से आने वाले वाहन चालकों व यात्रियों को हो रही है। ये वाहन मानिकपुर मोड़ से राष्टीय राजमार्ग को छोड़कर सर्विस रोड पर आते है, यहां अक्सर ओवरब्रिज के नीचे वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग जाती है, इससे लोगों को परेशानी होती है। (संवाद)