अमेरिका में 24 जुलाई से 3 अगस्त तक हुए स्पेशल ओलंपिक में अपनी साइकिल से जौहर दिखाकर दो कांस्य पदक जीतने वाले अभ्यांश शुक्ला का शुक्रवार को शहर वासियों ने जोरदार स्वागत किया।
रेलवे स्टेशन पर उसे फूल-मालाओं से लाद दिया गया और फिर फूलबाग स्पास्टिक सेंटर में आयोजित समारोह में सम्मान किया गया। सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि जिलाधिकारी डॉ. रोशन जैकब ने अभ्यांश को शहर ही नहीं देश का गौरव बताया।
उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि स्पेशल बच्चों की प्रतिभा को आगे बढ़ाएं। डीएम ने अभ्यांश को पुरस्कृत भी किया। ढोल की थाप पर स्पास्टिक सेंटर के बच्चे और टीचरों ने मस्ती की। इस दौरान अभ्यांश के अभिभावकों को भी सम्मानित किया गया।
खेल प्रशिक्षक कृष्णा शर्मा ने बताया कि अभ्यांश ने एक और दो किमी की साइकिल रेस में पदक जीते हैं। अभ्यांश का स्वागत करने वालों में स्पास्टिक केंद्र की सचिव सुत्रिता सिंह, निदेशक मीरा नरोन्हा, जय शर्मा, कंचन देवनानी, संजय शुुक्ला, संजय अवस्थी, अभिनव अवस्थी, अजीत तिवारी, सुशील सेठ, ऋषि पाठक, अभय शुक्ला शामिल रहे। कार्यक्रम का संचालन संगीता सोमन ने किया।