कानपुर। कानपुर प्रीमियर लीग (केपीएल) के पहले सीजन में युवा खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। इस लीग से 15 से 20 खिलाड़ी ऐसे निकले हैं, जो भविष्य में होने वाले आईपीएल और भारतीय टीम में शामिल होने का दावा कर सकते हैं।
वहीं, इस बार यूपी टी-20 लीग के तीसरे सत्र में खिलाड़ियों की संख्या 185 से बढ़ाकर 250 कर दी गई। इससे साफ है कि इसमें भी केपीएल के प्रतिभावान खिलाड़ियों को स्थान मिल सकता है।
यूपी टी-20 लीग के चेयरमैन डीएस चौहान ने कानपुर में हुई कानपुर प्रीमियर लीग में युवा खिलाड़ियों के प्रदर्शन को मैच के दौरान देखा और सराहा था। उन्होंने कहा था कि केपीएल से 15 से 20 खिलाड़ी यूपी टी-20 लीग का हिस्सा बनेंगे।
जिस प्रकार यूपी टी-20 लीग प्रदेश के खिलाड़ियों के लिए आईपीएल का द्वार खोल रही है, ठीक उसी प्रकार केपीएल शहर के खिलाड़ियों के लिए यूपी टी-20 लीग का मार्ग बनाएगी। केसीए की पहल को देखकर वाराणसी, लखनऊ, मेरठ सहित प्रदेश के कई शहर भी अपने यहां इसी तरह की लीग का आयोजन कर सकते हैं।
यह खिलाड़ी हैं नीलामी के प्रबल दावेदार
केपीएल में कई खिलाड़ियों ने अपने प्रदर्शन से यूपी टी-20 लीग के चयनकर्ताओं का ध्यान अपनी ओर खींचा है। इन खिलाड़ियों में ट्रॉफी जीतने वाली सीसामऊ सुपर किंग्स के कप्तान आदर्श सिंह, प्रियांशु पांडेय, फैज अहमद, अमित पचारा, यशोवर्धन सिंह, अभिषेक पांडेय, प्रशांत अवस्थी, सार्थक लोहिया, शुभम चौधरी मुख्य हैं। वहीं, गेंदबाजी में श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वालों में सबसे ऊपर सौरभ यादव, दिव्य प्रकाश, किशन सिंह, अभिनव शर्मा, दिव्यांशु पांडेय, सत्यम पांडेय, कृतज्ञ, ऋषभ राजपूत, अंकुर पनवार शामिल हैं।