शिवराजपुर (बिल्हौर)। क्षेत्र के टकटौली गांव निवासी प्रसूता की मौत हो गई। वहीं, पति ने नर्सिंगहोम पर इलाज केे दौरान लापरवाही का आरोप लगाते हुए चिकित्सकों पर हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराने की तहरीर दी। पुलिस ने जांच कर कार्रवाई का भरोसा दिया है।
टकटौली गांव निवासी कन्हई पुत्र राजेंद्र ने तहरीर में बताया कि 19 अगस्त को पत्नी शांति को हुई प्रसव पीड़ा के दौरान कस्बा स्थित एक नर्सिंगहोम में भर्ती कराया था। अस्पताल में प्रशिक्षित चिकित्सकों के न होने से अप्रशिक्षित नर्सों द्वारा प्रसव कराया गया। इसके चलते पत्नी की हालत बिगड़ने लगी। इसके चलते नर्सिंगहोम प्रबंधन ने पत्नी को कानपुर स्थित एक नर्सिंगहोम में रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान 15 सितंबर को उसकी मौत हो गई। जबकि नवजात स्वस्थ है। पति का आरोप है कि नर्सिंगहोम में लापरवाही के चलते पत्नी की मौत हुई है। इस संबंध में कार्यवाहक थानाध्यक्ष सुरेंद्र शुक्ला ने बताया की पूरे मामले की जांच कराई जा रही है। दोषी होने पर नर्सिंगहोम संचालक पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।