गीता देवी की फाइल फोटो व गमगीन परिजन
- फोटो : अमर उजाला
सदर कोतवाली क्षेत्र के रेहुंटिया गांव में एक महिला का शव रेलवे लाइन किनारे मिला। मायके पक्ष ने हत्या कर शव फेंकने का आरोप लगा पुलिस से शिकायत की है। साथ ही वीडियो ग्राफी व पैनल से पोस्टमार्टम कराने की मांग की है। कोलगदाहिया निवासी बच्चा प्रसाद ने बताया कि उसकी बेटी गीता देवी (25) की शादी वर्ष 2020 में रेहुंटिया निवासी लाल बाबू के साथ की थी।
शादी के बाद से ही दहेज की मांग को लेकर ससुरालीजन प्रताड़ित करने लगे थे। इसको लेकर कई बार रिश्तेदारों के बीच पंचायत भी हुई थी। लेकिन कुछ दिन बाद फिर परेशान करने लगते थे। बताया कि ससुरालीजन ने बेटी की हत्या कर आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को रेलवे लाइन किनारे फेंका है। लेकिन ट्रेन से शव कटा नहीं है। उसके पहले ही पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया था।
उसके एक बेटा अंश व एक बेटी पूनम है। वहीं गांव में चर्चा है कि गीता का पति लालबाबू से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। उसके बाद घटना हुई है। अपराध निरीक्षक विनोद कुमार यादव ने बताया कि ट्रेन से कट कर आत्महत्या की जानकारी मिली थी। परिजनों ने आरोप लगाया है। दो डॉक्टरों के पैनल व वीडियो ग्राफी से पोस्टमार्टम हो रहा है। रिपोर्ट से स्पष्ट हो जाएगा। लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है।