घर से बुधवार की दोपहर को ट्यूबबेल पर गई महिला की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। देर शाम को ट्यूबबेल पहुंचे परिजनों ने रक्तरंजित शव देखा तो सनसनी फैल गई। सीओ समेत भारी पुलिस बल डॉग स्क्वायड व फॉरेंसिक टीम के साथ पहुंचकर जांच पड़ताल में जुटे हैं। हत्या के पीछे पुलिस व परिजन फिलहाल किसी ठोस कारण नहीं बता पा रहे हैं।
थाना क्षेत्र के चिल्लाका पुरवा सुहैल गांव निवासी लल्लू प्रसाद ने बताया कि बुधवार की दोपहर को पत्नी रानी देवी निषाद (60) घर से ट्यूबबेल जाने की बात कहकर निकली थी। इसके बाद शाम तक घर नहीं आई। उसे ढूंढने ट्यूबबेल पहुंचे तो एक छप्पर के अंदर रक्तरंजित शव पड़ा था। सूचना मिलने पर कुछ ही देर में ग्रामीण एकत्र हो गए। सीओ यामीन अहमद व एसएचओ दुर्ग विजय सिंह फोर्स के साथ पहुंचे। डॉग स्क्वायड व फॉरेंसिक टीम भी पहुंची और जांच पड़ताल की। महिला के सिर पर गहरी चोट होने से खून बह रहा था। पुलिस का मानना है कि किसी धारदार हथियार व भारी चीज से वार कर हत्या की गई है।
सीओ ने बताया कि मामले की जांच की जांच की जा रही है। परिजनों ने किसी पर अभी शक नहीं जताया है। पति लल्लू निषाद व पुत्र का कहना है कि उनकी किसी से दुश्मनी नहीं है। ऐसे में किस पर शक करें। कोई तहरीर भी नहीं दी है। महिला के परिजन खेतीबाड़ी कर परिवार चलाते हैं। उसके पांच पुत्र व एक पुत्री है। इसमें तीन पुत्र की शादी हो चुकी है। सुहैल निवासी लल्लू के पास उपजाऊ भूमि है।