कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए रेलवे ने कानपुर से प्रयागराज होकर चित्रकूट और कानपुर से बांदा होकर चित्रकूट जाने वाली डेली इंटरसिटी एक्सप्रेस को शनिवार से निरस्त कर दिया है। यह निरस्तीकरण अब अगले आदेश तक रहेगा।
ट्रेन नंबर 04110 कानपुर सेंट्रल से बांदा होकर चित्रकूट जाती है और ट्रेन नंबर 04109 इसी रास्ते से वापस आती है। यह ट्रेन जनरल श्रेणी की है। वहीं ट्रेन नंबर 04121 कानपुर सेंट्रल से प्रतिदिन फतेहपुर, प्रयागराज होकर चित्रकूट जाती है और उसी रूट से ट्रेन नंबर 04122 वापस आती है। यह ट्रेन भी जनरल श्रेणी के टिकट के साथ चल रही थीं। इन ट्रेनों को बंद करने से प्रतिदिन यात्रा करने वाले लोगों को परेशानियां होंगी।
दस दैनिक ट्रेनें आज से निरस्त
रेल प्रशासन ने संक्रमण और अन्य कारणों के चलते दस विशेष दैनिक ट्रेनों को 18 अप्रैल से अग्रिम आदेश तक निरस्त करने का फैसला किया है। अब रविवार से 01801 मानिकपुर-कानपुर सेंट्रल, 01802 कानपुर सेंट्रल-मानिकपुर, 01813 झांसी-कानपुर सेंट्रल, 01814 कानपुर सेंट्रल-झांसी, 04187 कानपुर सेंट्रल-टूंडला, 04188 टूंडला-कानपुर सेंट्रल, 04191 कानपुर सेंट्रल-फफूंद, 04192 फफूंद-कानपुर सेंट्रल, 04102 कानपुर सेंट्रल -प्रयागराज संगम और 04101 प्रयागराज संगम-कानपुर सेंट्रल नहीं चलेंगी।