चित्रकूट जिला जेल में विधायक अब्बास अंसारी व उसकी पत्नी निखत बानो की गैरकानूनी तरीके से मुलाकात कराने के बदले में मध्यस्थों को रुपए पहुंचाने के एक आरोपी को चित्रकूट पुलिस ने वाराणसी से गिरफ्तार किया है। यह आरोपी शाहबाज आलम वाराणसी के एक सीए के यहां अकाउंटेंट का काम करता था।
चित्रकूट धाम मंडल के डीआईजी विपिन मिश्रा और चित्रकूट एसपी वृंदा शुक्ला ने बताया कि आरोपी के पास विधायक अब्बास अंसारी के गुर्गे नगद लाखों रुपए लेकर आते थे और फिर यह बेनामी खातों से मददगारों को रुपए पहुंचाता था। जिसमें जेल अधिकारी भी शामिल हैं। इन सबकी जांच की जा रही है। चित्रकूट जेल में अब्बास व निखत की मुलाकात कराने के एक मध्यस्थ आरोपी नवनीत सचान के खाते में शाहबाज ने 200000 रुपये भेजे थे। गौरतलब है कि 10 फरवरी को जिला जेल में डीएम और एसपी ने मुखबिर की सूचना पर छापा डालकर अब्बास व निखत की गैरकानूनी मुलाकात का भंडाफोड़ किया था। डीआईजी व एसपी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।