चित्रकूट जिले में पहाड़ी विकास खंड के बछरन गांव स्थित इंद्रजीत सिंह के खेत में बोरवेल के पास रविवार सुबह नवजात बच्ची मिली। सूचना पर पहुंचे एसआई दिनेश कुमार पांडेय व चाइल्ड लाइन संस्था की दीपा शुक्ला ने बच्ची को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। बच्ची को दूध व पानी पिलाया गया। बच्ची स्वस्थ बताई गई है। बालरोग विशेषज्ञ डॉ. एचसी अग्रवाल ने बताया कि बच्ची का वजन दो किलो 274 ग्राम है। बच्ची का जन्म दो दिन पहले का है। वहीं, छिवलहा गांव से विक्षिप्त बालक को चाइल्ड लाइन काउंसलर नीलू देवी, रामचंद्र ने अपनी सुपुर्दगी में ले लिया है।