चित्रकूट अपडेट गोली लगने के बाद पकड़ा गया डाकू हनीफ
- फोटो : amar ujala
चित्रकूट के मानिकपुर में पुलिस ने चुरेह केशरूआ के जंगल में मुठभेड़ के दौरान गोली लगने के बाद 50 हजार के इनामी डाकू सरगना हनीफ को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की एक गोली डाकू के बाएं पैर में लगी है। हनीफ उर्फ शंकरवा पर कई थानों में 15 मामले दर्ज हैं। वह टॉप टेन अपराधियों की श्रेेणी में शामिल था।
पुलिस को कई माह से डाकू सरगना मो. हनीफ उर्फ शंकरवा पुत्र मो. रज्जाक निवासी शिवपुर मऊ की तलाश थी। दस्यु उन्मूलन अभियान के तहत पुलिस टीमें इस गैंग के खात्मे के लिए लगातार काम कर रही थीं। गैंग के दो सदस्यों को पुलिस एक माह के अंदर मुठभेड़ में पकड़ चुकी है।
पुलिस अधीक्षक अंकित मित्तल ने बताया कि बृहस्पतिवार रात सूचना मिली थी कि हनीफ मानिकपुर के चुरेह केशरूआ के जंगल के आसपास मौजूद है। वह किसी बड़ी वारदात को अंजाम देना चाहता है। सूचना पर मानिकपुर पुलिस टीम के अलावा स्वाट टीम और सरैंया चौकी की टीम को रात में ही घेराबंदी के निर्देश दिए गए।
शुक्रवार तड़के पुलिस टीम को देखते ही हनीफ फायरिंग करने लगा। पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की। लगभग आधे घंटे तक दोनों ओर से गोलियां चलाई गईं। भागने की कोशिश में उसके पैर में एक गोली लगी। इससे वह गिर पड़ा। उसे घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि दोनों ओर से ताबड़तोड़ 12 राउंड फायरिंग हुई।
हनीफ के पास से 12 बोर नाल कटी बंदूक और कारतूसों से भरा पट्टा बरामद हुआ। नौ खोखे मिले हैं। हनीफ चित्रकूट जिले के अलावा मप्र के थानों में 15 मामलों (हत्या, लूट, डकैती) में वांछित था। दो माह पहले मुठभेड़ में हनीफ बच निकला था। गैंग के दो सदस्य पकड़े गए थे।
मुठभेड़ में स्वाट टीम प्रभारी श्रवण कुमार, मानिकपुर थाना प्रभारी केके मिश्रा, सरैंया चौकी प्रभारी तपेश मिश्रा, अशोक निगम, संदीप पटेल, रोहित तिवारी, अनिल साहू, रईश खां, जितेंद्र कुमार, राहुल, अरविंद व यशराज शामिल रहे।