चित्रकूट के मऊ कस्बे के गायत्री नगर निवासी किसान का खून से सना शव मऊ थाना क्षेत्र के झगराहट नहर के पास बाजरे के खेत में मिला। घटनास्थल से कुछ दूर किसान की बाइक और मोबाइल मिला है। परिजनों ने हत्या की तहरीर दी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से सही जानकारी होगी।
मऊ निवासी किसान गुलाब सिंह चौहान (55) पुत्र अंगद सिंह चौहान शुक्रवार की सुबह लगभग 9 बजे बाइक लेकर घर से हटवा गांव को निकले थे। शाम को सुरौंधा गांव के झगराहट नहर के पास बाजरे के खेत में उनका खून से लथपथ शव मिला। राहगीरों की सूचना पर प्रभारी थाना अध्यक्ष तपेश मिश्रा टीम के साथ पहुंचे।
शिनाख्त के बाद पुलिस ने परिजनों को सूचना दी। पत्नी मायादेवी अपने दोनों पुत्रों के साथ वहां पहुंची। पुलिस ने पंचनामा कर शव पोस्टमार्टम के लिए मुख्यालय भेजा है। पुलिस को मौके से किसान की बाइक और मोबाइल मिला है। बडे़ बेटे रजोल ने बताया कि शव को देखकर यही लग रहा है कि उनकी हत्या की गई है।
थानाध्यक्ष सुभाष चौरसिया ने बताया कि गांव जाते समय नहर के पास रास्ते में शौच क्रिया के लिए किसान गया होगा। घटनास्थल के साक्ष्य से ब्रेन हैमरेज से मौत की आशंका है। इसकी सही जानकारी तो पोस्टमार्टम के बाद ही होगी। मृतक के शरीर पर चोट के निशान नहीं हैं, सिर्फ नाक से खून निकला है जो पूरे चेहरे और अन्य स्थान तक फैला है। इसकी जांच कराई जा रही है। मृतक की ससुराल मवईकला गांव है। वह मूलरूप से कौशांबी जिले के गांव शाहपुर निवासी थे। कई साल से मऊ में मकान बनवाकर परिवार समेत रहते थे।