चित्रकूट जिले में सदर कोतवाली क्षेत्र के रेहुटिया गांव में बंधना को तालाब में भिगोते समय किसान का पैर फिसल गया। इससे गहरे तालाब के पानी में किसान की डूब कर मौत हो गई। परिजनों ने रेलवे विभाग पर तालाब को अधिक गहरा करने का आरोप लगाया है। रेहुटिया निवासी विकास सिंह ने बताया कि सुबह उसके पिता रामू सिंह (48) गेहूं काटने गए थे। वहां पर करीब नौ बजे गेहूं के बोझ बांधने के लिए बंधना को पानी में भिगोने के लिए कुछ दूर पर स्थित तालाब में गए थे।
वहां पर पैर फिसलने से पिता गहरे तालाब में गिर गए और डूब गए। काफी देर घर नहीं पहुंचे तो वह खेत गया लेकिन नहीं मिले। फिर तालाब की ओर गया, वहां पर चप्पल व गमछा रखे थे। इससे आशंका हुई कि पिता तालाब में डूब गए हैं। ग्रामीणों को बुलाया और तालाब में जाल डलवा कर खोजबीन शुरू कराया। आधा घंटे बाद जाल में पिता फंसे और बाहर निकाला गया, तब तक पिता की मौत हो चुकी थी।