पहाड़ी बुजुर्ग में खाद बीज के एक दुकानदार से सामग्री खरीदने के नाम पर साइबर ठगों ने 1.57 लाख रुपये ठग लिए। ठगी का एहसास होने पीड़ित ने पुलिस से शिकायत की, लेकिन कार्रवाई न होने पर कोर्ट की शरण ली। तब जाकर प्राथमिकी दर्ज हुई। पहाड़ी बुजुर्ग निवासी प्रदीप कुमार अग्रहरि ने बताया कि उसकी खाद बीज की दुकान बिसंडा रोड पर है।
उसके पास तीन सितंबर 2024 को फोन आया और कहा कि वह आगरा के भरतपुर रोड धौलपुर खैरागढ़ सोप के पिपराजा स्थित बृजेश खाद बीज भंडार से बोल रहा हूं। वह उसके यहां से सामग्री की खरीदारी करें। इस पर बात मानते हुए खरीदारी के लिए राजी हुआ और स्कैनर के माध्यम से 10 हजार रुपये उसके खाता में भेज दिया। कुछ दिन बाद उसने कहा कि आपकी सामग्री ट्रक के माध्यम से आएगी लेकिन सामग्री की शेष धनराशि देनी पड़ेगी तो उसने अलग-अलग पांच बार में 1.57 लाख रुपये भेज दिया। कुछ दिनों तक सामग्री नहीं आई तो उसे ठगी का एहसास हुआ। उसने तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर पर शिकायत दर्ज कराई। उसका खाता पुलिस ने फ्रीज करा दिया है। उसके खाता में 46268 रुपये होल्ड हैं। थाना प्रभारी प्रवीण सिंह ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर प्राथमिकी दर्ज की गई है।