माल बाबू व चतुर्थ श्रेणी कर्मी रिश्वत लेते गिरफ्तार
- फोटो : अमर उजाला
एंटी करप्शन टीम ने मंगलवार को तहसील में तैनात दो कर्मचारियों को घूस लेते हुए गिरफ्तार किया। दोनों पर हैसियत प्रमाण पत्र के नाम पर छह हजार रुपये घूस मांगने का आरोप था। टीम दोनों को कोतवाली ले गई। जहां दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की है। एंटी करप्शन टीम बांदा के प्रभारी सीबी सिंह ने बताया कि सदर कोतवाली क्षेत्र के तरौंहा गांव निवासी रमाकांत द्विवेदी ने हैसियत प्रमाण पत्र बनाने के नाम पर सदर तहसील गए थे। जहां तैनामऊ निवासी माल बाबू राहुल कुमार व चतुर्थ श्रेणी कर्मी भरतपुरी पुरानी बाजार निवासी इश्तियाक पर छह हजार रुपये सुविधा शुल्क मांगा था। इस पर उन्होंने इसकी ऑनलाइन शिकायत की थी।
टीम एक बार पहले आकर जांच की थी। दोबारा टीम ने तहसील आकर जांच की तो आरोपी सही मिले। इसके बाद एंटीकरप्शन की टीम के सदस्यों ने शिकायतकर्ता रमाकांत को केमिकल लगे 500-500 के नोट देकर कर्मियों को देने के लिए कहा। शाम करीब चार बजे वह लोग रमाकांत के साथ तहसील पहुंचे और घूस के रुपये लेते हुए दोनों कर्मचारियों को रंगे हाथ पकड़ा। कर्मचारियों के पास 10 हजार 70 रुपये बरामद हुए हैं।
कर्मचारियों के पकड़ते ही तहसील के अन्य कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। कर्मचारियों को छुड़ाने के लिए राजस्व विभाग के कई कर्मचारियों तहसील से लेकर कोतवाली के चक्कर काटते रहे। अधिकारियों से मिन्नतें करते रहे, लेकिन बात नहीं बनी। टीम में प्रभारी के सहयोग में सह प्रभारी श्यामबाबू भी रहे। एसपी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि एंटी करप्शन टीम ने जो कार्रवाई की है। उसमें सदर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज की गई है। टीम आरोपी दोनों कर्मचारियों को अपने साथ लखनऊ ले गई है।