उत्तर प्रदेश के चित्रकूट जिले में झांसी-मिर्जापुर नेशनल हाईवे पर सोमवार तड़के एक भीषण सड़क हादसा हुआ। रैपुरा थाना क्षेत्र के रामनगर कस्बे के पास ट्रैक्टर-ट्राली को जोड़ने वाला गुल्ला टूट गया। इस दुर्घटना में चार श्रद्धालुओं की मौत हो गई और 12 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसा पावर हाउस के पास करीब ढाई बजे हुआ। अनियंत्रित ट्राली हाईवे से नीचे उतरकर पलट गई। मृतकों में एक मासूम भी शामिल है। कुल 12 लोग गंभीर रूप से घायल हुए। इनमें सात घायलों को सीएचसी रामनगर से जिला अस्पताल रेफर किया गया है। ट्रैक्टर सवार श्रद्धालु दीपदान में शामिल होकर प्रयागराज लौट रहे थे।
मृतकों में तीन मध्य प्रदेश के रीवा और एक प्रयागराज जिले का निवासी था। प्रयागराज के खीरी थाना क्षेत्र के ऊंचा गांव से करीब दो दर्जन श्रद्धालु शनिवार को चित्रकूट आए थे। उनके साथ मध्य प्रदेश के रीवा जिले के कुछ रिश्तेदार भी थे। रविवार देर रात दर्शन व दीपदान के बाद वे प्रयागराज के लिए रवाना हुए थे।
ट्राली हाईवे किनारे खाई में गिरकर पलटी
सोमवार तड़के करीब ढाई बजे ट्रैक्टर-ट्राली को जोड़ने वाला गुल्ला अचानक टूट गया। उस समय ट्रैक्टर काफी तेज रफ्तार से चल रहा था। गुल्ला टूटने के बाद ट्रैक्टर आगे बढ़ गया, जबकि अनियंत्रित ट्राली हाईवे किनारे खाई में जा गिरी और पलट गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और कई लोग ट्राली के नीचे दब गए थे।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को बाहर निकाला और एंबुलेंस की मदद से सीएचसी रामनगर पहुंचाया। डॉक्टरों ने चाकघाट निवासी शिवांश, त्रिवेणी, छह वर्षीय नन्हे पुत्र धर्मेंद्र और ऊंचा गांव निवासी राधेकृष्ण को मृत घोषित किया। थाना प्रभारी रैपुरा राम सिंह ने बताया कि गंभीर रूप से घायल सात लोगों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। इनमें राज कुमारी, दिव्यांशी, रेखा, संगीता और सुनैना शामिल हैं।