कानपुर। बाल दिवस पर महाराजपुर स्थित ऑक्सफोर्ड मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल में चार दिवसीय वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। पहले दिन नर्सरी से कक्षा 12वीं तक के विद्यार्थियों ने विभिन्न स्पर्धाओं में प्रतिभा दिखाई। प्रतियोगिता में बुक बैलेंस, म्यूजिकल चेयर, बिस्किट रेस, सैक रेस, 100-200 मीटर दौड़, बैडमिंटन, कबड्डी और शतरंज समेत कई खेलों का आयोजन किया गया। विजेताओं को 18 नवंबर को होने वाले पुरस्कार वितरण समारोह में स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक के साथ प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।
बुक बैलेंस में अंश पाल प्रथम, अतीशा द्वितीय और श्रेया पटेल तृतीय रहीं। म्यूजिकल चेयर में पूनम, बिस्किट रेस में रुद्र और सैक रेस में अभिनव तिवारी विजेता बने। 100 मीटर दौड़ के बालक वर्ग में रमन और बालिका वर्ग में कृतिषा ने बाजी मारी। 200 मीटर दौड़ में उत्कर्ष और आर्ची अव्वल रहे। बैडमिंटन के बालिका वर्ग में आराध्या और अविशा ने जीत दर्ज की, जबकि बालक वर्ग में प्रिंस विजेता रहे। कबड्डी में कक्षा 12वीं की टीम ने खिताब जीता।
विद्यालय प्रबंधक आलोक शर्मा ने कहा कि खेल बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास के साथ उनमें टीम भावना, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता बढ़ाते हैं। इस मौके पर प्रधानाचार्य व कोऑर्डिनेटर अनुराधा दुबे समेत शिक्षक मौजूद रहे।