मूर्ति विसर्जन पर्व के तहत जागरूकता अभियान में भाग लेते स्कूली बच्चे
- फोटो : अमर उजाला
पूजित गणेश-लक्ष्मी की मूर्तियों को ससम्मान विदाई देने के लिए अमर उजाला एवं श्री ओमर वैश्य युवा परिवार के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार को केशवनगर स्थित गुलमोहर पब्लिक स्कूल में जागरूकता अभियान चलाया गया। यहां विद्यार्थियों ने पूजित गणेश-लक्ष्मी की मूर्तियों की ससम्मान विदाई और इसके लिए लोगों को जागरूक करने का संकल्प लिया।
महामंत्री वरुण ओमर ने विद्यार्थियों से कहा कि दिवाली के बाद घरों में पूजित पुरानी मूर्तियों को मंदिरों, पेड़ों के नीचे या इधर-उधर छोड़ना अनुचित है। इससे धार्मिक आस्था को ठेस पहुंचने के साथ ही पर्यावरण भी प्रदूषित होता है। उन्होंने कहा कि 13 नवंबर को नजदीकी मूर्ति एकत्रीकरण शिविर में पुरानी मूर्तियां जमा करें अथवा 15 नवंबर को परमट स्थित काली घाट पर भू-विसर्जन करें।
प्रधानाध्यापिका अमिता तिवारी और निदेशक रोहित जायसवाल के निर्देशन में विद्यार्थियों ने अभियान से जुड़ने तथा अभिभावकों और पड़ोसियों को जागरूक करने का संकल्प लिया। छात्रा दिव्यांशी और कक्षा आठ के अनिल साहू ने भी मुहिम की सराहना की। उन्होंने कहा कि सभी साथी अपने दोस्तों और परिवार के लोगों से पुरानी मूर्तियों का भू-विसर्जन करने और अभियान से जुड़ने का निवेदन करेंगे। इस अवसर पर समिति की ओर से अलंकार ओमर, उत्कर्ष नाथ गुप्ता, बृजेश ओमर, सचिन गुप्ता, अर्पित ओमर और हिमांशु सहित अन्य लोग मौजूद रहे।