कानपुर में सरसैया घाट के सामने एक हृदय विदारक घटना में दो साल के मासूम की ऑटो से कुचलकर मौत हो गई। मां को झपकी लग गई और गोद में बैठा उसका बेटा गड्ढे वाली सड़क पर ऑटो उछल जाने से सड़क पर जा गिरा। बच्चा ऑटो के पहिये के नीचे आकर घायल हो गया। ऑटो चालक व राहगीरों के शोर मचाने पर महिला की नींद टूटी।
लहूलुहान बच्चे को उर्सला ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद बदहवास महिला पुलिस को सूचना दिए बगैर बच्चे का शव लेकर चली गई। राहगीरों ने बताया कि महिला कानपुर देहात की रहने वाली थी। गंगा दशहरे पर वह बेटे को लेकर सरसैया घाट गंगा स्नान करने आई थी। कोतवाली इंस्पेक्टर आशीष शुक्ला ने घटना की जानकारी से इंकार किया है।