बोर्ड परीक्षाओं में अव्वल आने वाले शहर के 26 मेधावियों को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लखनऊ में सम्मानित करेंगे। इसमें सीआईएससीई बोर्ड के पांच यूपी टॉपर, यूपी बोर्ड के छह टॉपर, यूपी बोर्ड में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के 15 जिला टॉपरों को सम्मानित किया जाएगा।
सीआईएससीई बोर्ड में यूपी टॉप करने वाले पांच छात्रों और यूपी बोर्ड के छह टॉपर छात्रों को एक-एक लाख रुपये का पुरस्कार मिलेगा। जिला टॉप करने वालों को 21 हजार रुपये का पुरस्कार मिलेगा। हालांकि सम्मान कब होगा, इसकी तिथि अभी तय नहीं है।
सीआईएससीई बोर्ड में डॉ. वीरेंद्र स्वरूप एजुकेशन सेंटर किदवई नगर में 99.75 फीसदी अंकों के साथ प्रदेश में टॉप और देश में दूसरे स्थान पर रहने वालीं नंदिता प्रकाश, 99.50 फीसदी अंक पाने वाली सेठ आनंदराम जयपुरिया स्कूल की अभिश्री स्वरूप, 99.75 फीसदी अंक पाने वाली सेठ आनंदराम जयपुरिया स्कूल की अशिता रूंगटा, 99 फीसदी अंक पाने वाले स्वराज इंडिया पब्लिक स्कूल के अंश अवि, 99 फीसदी अंक पाने वालीं सेठ आनंद राम जयपुरिया स्कूल की वान्या जालान को एक-एक लाख रुपये का पुरस्कार मिलेगा।
यूपी बोर्ड के टॉपर ओंकारेश्वर सरस्वती विद्या मंदिर के छात्र गौतम रघुवंशी के अलावा अनुराग सिंह, प्रियांशु गुप्ता, हर्ष खत्री, शिवाजी इंटर कॉलेज अर्रा की श्रद्धा सचान और दिव्यांशी सिंह को एक-एक लाख रुपये मिलेंगे। डीआईओएस सतीश तिवारी ने कहा कि इन सभी बच्चों को सीएम सम्मानित करेंगे। तिथि तय नहीं है, जल्द ही इसकी घोषणा होगी।
इन जिला टॉपरों को मिलेंगे 21 हजार रुपये
जिला टॉपर प्रतीक त्रिपाठी, दीपराज सिंह, हिमांशु गुप्ता, गौरव सिंह, सुरभि पांडे, प्रसून वाजपेयी, अंशु मिश्रा, सुमित साहू, विपिन, अदिति वाजपेयी, सुप्रिया कसौधन, मितांशु गुप्ता, अंशिका अग्रहरि, अंकित कुमार, विनीत कुमार को 21-21 हजार रुपये का पुरस्कार मिलेगा।