जिला अस्पताल में लाभार्थी को मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना के प्रमाण पत्र देते चेयरमैन कुलदीप निषाद
- फोटो : अमर उजाला
प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना की तर्ज पर मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना की शुक्रवार को हमीरपुर में शुरुआत हो गई। इसके तहत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के छूटे हुए लाभार्थियों को लाभान्वित किया जाएगा। जिला अस्पताल में नगर पालिका अध्यक्ष कुलदीप निषाद ने लाभार्थियों को मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना के प्रपत्र वितरित किए।
इसके साथ ही लाभार्थियों के गोल्डन कार्ड बनाकर उन्हें एक्टिववेट कराने का काम शुरू किया गया। प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत जनपद के गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन करने वाले 84 हजार लाभार्थी पांच लाख रुपये तक के नि:शुल्क इलाज की सुविधा ले सकते हैं।
इसके लिए इन लाभार्थियों के प्रपत्र जारी हो चुके हैं और उनके गोल्डन कार्ड बनाकर उन्हें एक्टिवेट करने के लिए सामुदायिक और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में शिविर लगाए जाएंगे। केंद्र सरकार की इस योजना को लेकर लाभार्थियों में भी उत्साह है।
इस योजना के अस्तित्व में आने के बाद कई पात्र लाभार्थियों के नाम छूट गए थे। इसके बाद प्रदेश सरकार ने योजना की सफलता को देखते हुए मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना की शुरुआत की है। यह योजना केंद्र सरकार की योजना की ही तर्ज पर चलेगी। इसमें छूटे हुए लाभार्थियों को शामिल किया गया है।
आयुष्मान योजना के डिस्ट्रिक्ट इनफॉर्मेशन सिस्टम मैनेजर गौरव निगम ने बताया कि पहले चरण के सर्वे में 2835 छूटे लाभार्थी निकले हैं। इनमें अकेले मुख्यालय के लाभार्थियों की संख्या 300 के आसपास है। इन सभी को प्रपत्र दिए जा रहे हैं। अब इनके गोल्डन कार्ड बनाकर उन्हें एक्टिवेट किया जाएगा। इसके साथ ही सभी लाभार्थियों को केंद्र सरकार की योजना की तर्ज पर प्रदेश सरकार द्वारा पांच लाख रुपये तक का नि:शुल्क इलाज मुहैया होगा।
मील का पत्थर साबित होगी योजना
शुक्रवार को नगर पालिका अध्यक्ष कुलदीप निषाद ने सदर अस्पताल में ऐसे ही लाभार्थियों को योजना के प्रपत्र बांटे। उन्होंने कहा कि यह योजना मील का पत्थर साबित होगी। इस मौके पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.आरके शर्मा, डीपीसी डॉ.अंकिता श्रीवास्तव, डीआईएसएम गौरव निगम, डीजीएम रोहित सिंह, सभासद रिजवान खान आदि मौजूद रहे।